फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

LS Election 2024: चांदनी चौक में चल रहा 'जेपी आंदोलन', कांग्रेस को नए इतिहास के साथ जीत की उम्मीद

Thu, 09 May 2024 08:17 PM IST
अभिषेक दीक्षित डिजिटल ब्यूरो, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

चांदनी चौक से पहले भी जीत हासिल कर चुके जेपी अग्रवाल से कांग्रेस को इस बार सबसे ज्यादा भरोसा है। यदि वे इस सीट पर जीत हासिल करते हैं, तो इससे दिल्ली में कांग्रेस का दस सालों का जीत का सूखा समाप्त हो सकेगा।
विज्ञापन
जेपी अग्रवाल - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली में 25 मई को मतदान होगा। राजनीतिक दलों को चुनाव प्रचार के लिए केवल 15 दिनों का ही समय शेष रह गया है। इसे देखते हुए सभी राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों ने अपनी पूरी शक्ति चुनाव प्रचार में झोंक दी है। चांदनी चौक लोकसभा सीट से कांग्रेस के जेपी अग्रवाल का सामना भाजपा के व्यापारी नेता प्रवीण खंडेलवाल से है। चांदनी चौक से पहले भी जीत हासिल कर चुके जेपी अग्रवाल से कांग्रेस को इस बार सबसे ज्यादा भरोसा है। यदि वे इस सीट पर जीत हासिल करते हैं, तो इससे दिल्ली में कांग्रेस का दस सालों का जीत का सूखा समाप्त हो सकेगा। जेपी अग्रवाल को चांदनी चौक के व्यापारियों से उनके पुराने नजदीकी संबंध, मुस्लिम बहुल आबादी का कांग्रेस को एकछत्र समर्थन और दिल्ली सरकार के द्वारा चांदनी चौक का विकास करने का लाभ मिल रहा है। 

विज्ञापन


वहीं, खंडेलवाल नए समय में व्यापारियों के बड़े नेता के तौर पर देखे जाते हैं। व्यापारियों के विभिन्न मुद्दों पर उन्होंने केंद्र सरकार से लगातार संपर्क बनाए रखा और उनका समाधान निकालने की कोशिश की थी। अपने उस संघर्ष का आज उन्हें लाभ मिल रहा है। उन्हें भाजपा के मजबूत संगठन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रिय छवि का लाभ भी मिल रहा है। भाजपा के हाई प्रोफाइल नेताओं का तगड़ा चुनाव प्रचार भी जनता को उनके पक्ष में लामबंद कर रहा है। 

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल उनके नामांकन पर पहुंचे, तो नितिन गडकरी जैसे बड़े नेता लगातार उनके लिए वोट मांग रहे हैं। जल्द ही यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य बड़े नेता भी उनका चुनाव प्रचार करने के लिए पहुंच सकते हैं, ऐसी संभावना जताई जा रही है। खंडेलवाल को इसका लाभ मिल सकता है। दोनों प्रत्याशियों में इस एतिहासिक सीट पर कांटे का मुकाबला चल रहा है। ऐसे में जीत की बाजी किसके हाथ लगेगी, अभी यह साफ नहीं है।  
विज्ञापन


क्या हैं मुद्दे? 
चांदनी चौक अपनी एतिहासिक विरासत के साथ-साथ यहां सड़कों पर ट्रैफिक और तंग गलियों के लिए भी जाना जाता है। दिल्ली सरकार ने यहां का सौंदर्यीकरण कर और दिल्ली मेट्रो का विस्तार होने से यहां की कुछ परेशानियां कम हुई हैं, लेकिन तंग गलियों में उलझे तारों से लोग आज भी परेशान हो रहे हैं। व्यापारियों की बड़ी मांग है कि जीएसटी-टीडीएस को तर्कसंगत बनाया जाए।      

मोदी की विकासवादी सोच का लाभ खंडेलवाल को
चांदनी चौक के व्यापारी राजीव अग्रवाल ने अमर उजाला से कहा कि देश के व्यापारी वर्ग का बड़ा हिस्सा भाजपा की विचारधारा से जुड़ा रहता है। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और विकास के लिए किए जा रहे कार्यों से प्रभावित भी है। इस विकास से व्यापार की संभावनाएं बढ़ती हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के द्वारा गुजरात को विकास की पटरी पर ले जाने का उदाहरण पूरे देश के सामने है। अब वे देश को भी उसी राह पर आगे बढ़ा रहे हैं। इससे व्यापारियों में उत्साह है। उन्होंने कहा कि भाजपा उम्मीदवार प्रवीण खंडेलवाल को इसका लाभ मिल सकता है। 

चांदनी चौक में चल रहा 'जेपी आंदोलन' 
कपड़ों के थोक व्यापार से जुड़े समीर शेख ने अमर उजाला से कहा कि एक जेपी आंदोलन ने देश की राजनीतिक दशा-दिशा बदलकर रख दी थी। चांदनी चौक में भी इस समय एक 'जेपी आंदोलन' चल रहा है, जो चांदनी चौक के साथ-साथ पूरे देश की दशा बदलकर रख देगा। उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग जीएसटी की बढ़ी दरों, उसे वसूल करने के लिए अधिकारियों द्वारा व्यापारियों से की जा रही जोर जबरदस्ती यहां के लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। व्यापारी वर्ग इस परेशानी से छुटकारा चाहता है, जिसके कारण लोग कांग्रेस प्रत्याशी का समर्थन कर रहे हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें