कभी हैदराबाद के निजाम का रियासत रहा महाराष्ट्र का मराठवाड़ा कई यूरोपीय देशों से भी बड़ा है। लोकसभा चुनाव में इस बार यह क्षेत्र जातीय खेमों में बंटा नजर आ रहा है। यहां की आठ लोकसभा सीटों पर मराठा बनाम माधव यानी माली, धनगर और वंजारा जाति का सियासी चक्रव्यूह बन गया है। मराठा आरक्षण आंदोलन से मराठवाड़ा में ओबीसी समाज फिर से एकजुट हुआ है। ऐसे में माधव का सुदर्शन चक्र चलने पर मराठा राजनीति के कई पुरोधा मुश्किल में घिर सकते हैं। मराठवाड़ा में भाजपा गठबंधन माधव फाॅर्मूले के सहारे है, जबकि उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) को अपनी साख बचाने के लिए कांग्रेस व एनसीपी (शरद पवार) की मराठा प्रभुत्व वाली राजनीति से आस है।
मराठवाड़ा ने दिए चार मुख्यमंत्री
मराठवाड़ा ने महाराष्ट्र को चार मुख्यमंत्री दिए हैं। दिवंगत शिवाजीराव पाटिल-निलंगेकर, दिवंगत शंकरराव चव्हाण, दिवंगत विलासराव देशमुख और अशोक चव्हाण। ये सभी कांग्रेस के कद्दावर नेता रहे हैं। अशोक चव्हाण भाजपा में शामिल होकर अब राज्यसभा सदस्य बन गए हैं। इससे कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ीं हैं। विलासराव देशमुख के दो बेटे अमित देशमुख और धीरज देशमुख विधायक हैं।
कांग्रेस के दिग्गज नेता शिवराज पाटिल मराठवाड़ा के लातूर से हैं। उनकी बहू डॉ. अर्चना पाटिल अब भाजपा में शामिल हो चुकी हैं। इससे मराठवाड़ा में भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन ने विपक्ष के कांग्रेसी गठबंधन को पहले ही दबाव में ला दिया है।
मराठवाड़ा...सूखा प्रभावित क्षेत्र, जल संकट से निजात नहीं
सूखा प्रभावित मराठवाड़ा में अधिकतर जमीन बंजर है। विकास के मामले में क्षेत्र काफी पिछड़ा है। केंद्र सरकार में मराठवाड़ा के दो मंत्रियों के अलावा तीन राज्यसभा सदस्य हैं, जबकि राज्य सरकार में चार कैबिनेट मंत्री हैं। कहा जाता है कि यहां सत्ता बदली, समीकरण बदले लेकिन जल संकट जस का तस है। मुख्यमंत्री रहते हुए देवेंद्र फडणवीस की महत्वाकांक्षी जलशिवार योजना काफी लोकप्रिय हुई थी। लेकिन, 2019 में सत्ता परिवर्तन के बाद योजना खटाई में पड़ गई। यहां किसानों का भी मुद्दा अहम है। मराठवाड़ा को अपनी तमाम मुश्किलों से निजात के लिए आज भी एक सक्षम नेतृत्व की दरकार है।
तीन चरणों में होगा मतदान
मराठवाड़ा में लोकसभा की आठ सीटें हैं। मराठवाड़ा में औरंगाबाद, जालना, परभणी, नांदेड़, हिंगोली, बीड, उस्मानाबाद (धराशिव) और लातूर (एससी) लोकसभा सीट हैं। इन सीटों पर तीन चरणों में मतदान कराया जाएगा।