पश्चिम बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी
- फोटो : ANI
चुनावी सरगर्मी के बीच नेताओं के डीपफेक और मॉर्फ्ड वीडियो भी वायरल हो रहे हैं। हाल ही में अमित शाह का एक डीपफेक वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस को एक्शन लेना पड़ा। ऐसा ही एक वीडियो पश्चिम बंगाल में भी वायरल हुआ। यह वीडियो कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी का है। पुलिस का कहना है कि पश्चिम बंगाल के कांग्रेस अध्यक्ष के वीडियो में हेरफेर किया गया है। वीडियो में कथित तौर पर वह लोगों से भाजपा को वोट देने की बात कह रहे हैं। इसे लेकर जंगीपुर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।
काट-छांट कर प्रसारित किया गया वीडियो
पुलिस की साइबर टीम ने पाया कि वीडियो का एक हिस्सा काट-छांट कर प्रसारित किया गया था। प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि चुनाव के दौरान कुछ राजनीतिक लाभ हासिल करने के लिए इस वीडियो से छेड़खानी की गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस वीडियो को कहां से वायरल किया गया है। इसके लिए आईपी एड्रेस का पता लगाया जा रहा है। उधर कांग्रेस ने इस घटना की निंदा की है और शिकायत का तुरंत समाधान करने के लिए सीईओ कार्यालय और चुनाव आयोग का धन्यवाद अदा किया है। वीडियो के वायरल होने के बाद कांग्रेस ने चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी।