कोरोना वायरस के कारण काफी लंबे वक्त से स्कूल बंद रहने के बाद आज यानी सोमवार से कई राज्यों में फिर से खुल गए हैं। छत्तीसगढ़, पंजाब और उत्तराखंड में आज से विद्यार्थियों के लिए फिजिकल कक्षाएं फिर से शुरू हो गई हैं। इन राज्यों में माध्यमिक कक्षाओं के स्कूलों को फिर से खोला गया है और विद्यार्थी कक्षाओं में पहुंच रहे हैं। छत्तीसगढ़ में दसवीं और बारहवीं के छात्रों के लिए स्कूलों को फिर से खोल दिया गया है। वहीं, पंजाब में सभी कक्षाओं के लिए स्कूलों को फिर से खोल दिया गया है।
उत्तराखंड के स्कूल नौवीं से लेकर 12वीं तक की कक्षाओं के लिए फिर से खुल गए हैं। लुधियाना के गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल पीएयू के प्रिंसिपल संजय थापर का कहना है कि स्कूल दो पालियों में चल रहे हैं। पहली से लेकर दसवीं तक के 40 फीसदी छात्र स्कूल पहुंचे हैं। वहीं, बारहवीं कक्षा के छात्र दोपहर 12 बजे से स्कूल आएंगे। उन्होंने बताया कि स्कूलों के फिर से खुलने के कारण माता-पिता और बच्चे उत्साहित हैं।
छत्तीसगढ़ में साल भर बाद खुले कुछ स्कूल
वहीं, छत्तीसगढ़ में पूरे एक साल बाद स्कूल फिर से खुल गए हैं। विद्यार्थियों में उत्साह है। होली क्रोस स्कूल के बारहवीं के एक छात्र का कहना है कि स्कूलों के फिर से खुलने के कारण हम उत्साहित हैं। हम अपने दोस्तों और शिक्षकों को मिलने को लेकर उत्साहित हैं। काफी लंबे वक्त बाद स्कूल जाने से खुशी हो रही है।
पुडुचेरी : 15 अगस्त के बाद ही स्कूलों को फिर से खोलने पर फैसला
केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के मंत्री ए नमस्सिवयम ने सोमवार को कहा कि पुडुचेरी सरकार 15 अगस्त के बाद उपराज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन और मुख्यमंत्री एन रंगासामी से परामर्श करने के बाद केंद्र शासित प्रदेश में स्कूल और कॉलेज फिर से खोलने पर फैसला करेगी।