21 अक्तूबर से शुरू होंगी स्कूलों में 8वीं और 11वींं की ऑफलाइन कक्षाएं
- फोटो : Social media
उड़ीसा सरकार ने राज्य के स्कूलों में 8वीं और 11वीं की ऑफलाइन कक्षाएं शुरू करने की घोषणा की है। यह फैसला राज्य में कोरोना के घटते मामलों को देखते हुए किया गया है। 11वीं की ऑफलाइन कक्षाएं 21 अक्तूबर से और 8वीं की ऑफलाइन कक्षाएं 25 अक्तूबर से शुरू की जाएंगी। राज्य में कोरोना से सुरक्षा की गाइडलाइंस को ध्यान में रखते हुए 9वीं और 12वीं की ऑफलाइन कक्षाएं पहले ही शुरू की जा चुकी है।
उड़ीसा के स्कूल एवं जन शिक्षा मंत्री एसआर दास ने कहा- राज्य में कोरोना संक्रमण की स्थिति ठीक हो रही है। इसे देखते हुए हम राज्य के स्कूलों में 8वीं और 11वीं की ऑफलाइन कक्षाएं शुरू कर रहे हैं। इसको लेकर एक नोटिफिकेशन भी जल्द ही जारी किया जाएगा। स्कूल एवं जन शिक्षा मंत्रीने कहा कि पहली से 7वीं तक की कक्षाएं शुरू करने को लेकर अब तक कोई भी फैसला नहीं किया गया है।
राज्य में कम हो रहे कोरोना के मामले
राज्य में गुुरुवार को 521 नए कोरोना के मामले दर्ज किए गए हैं, यह बुधवार से 94 कम हैं। वहीं संक्रमण के कारण 6 लोगों की मौत भी हुई है। अब तक राज्य में 10,33,809 कुल कोरोना के मामले आएं हैं, इनमें मरने वालों की कुल संख्या 8,274 हो गई है। उड़ीसा में 9 अक्तूबर से दुर्गा पूजा और कुमार पूर्णिमा को लेकर स्कूल बंद हैं, स्कूल 21 अक्तूबर से शुरू होंगे।
अन्य राज्यों का हाल
हाल ही में गोवा के सीएम प्रमोद सावंत ने भी कहा है कि राज्य सरकार ने कक्षा 9वीं से 12वीं तक के लिए स्कूलों को 18 अक्तूबर से खोलने का निर्णय किया है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश सरकार ने भी राज्य के सभी प्राइवेट और सरकारी स्कूलों में कक्षा 8वीं के लिए 11 अक्तूबर से स्कूलों को खोलने का फैसला किया था। वहां कर्नाटक के सीएम बसवराज बोम्मई ने भी एक्सपर्ट कमिटी की बैठक में स्कूलों के खोले जाने के मुद्दे पर फैसला लेने की बात कही है।