केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने बताया कि तीसरे चरण की जेईई परीक्षाएं 20 जुलाई, 2021 से 25 जुलाई, 2021 तक होंगी। इसके लिए पुन: आवेदन और परीक्षा केंद्र बदलने के लिए आवेदन छह जुलाई, 2021 से आठ जुलाई, 2021 की मध्य रात्रि तक स्वीकार किए जाएंगे।
चौथे चरण की परीक्षा 27 जुलाई से
वहीं, चौथे चरण की जेईई मेन परीक्षा 27 जुलाई, 2021 से 02 अगस्त, 2021 तक आयोजित की जाएंगी। चौथे चरण के पुन: आवेदन और परीक्षा केंद्र बदलने के आवेदन नौ जुलाई, 2021 से 12 जुलाई, 2021 की मध्य रात्रि तक स्वीकार किए जाएंगे।
छात्रों को पुन: आवेदन और परीक्षा केंद्र बदलने का मौका
इसके साथ ही कोरोना महामारी के कारण आवेदन नहीं कर पाए छात्रों को आवेदन का पुन: मौका दिया जाएगा। वहीं, इसी अवधि में परीक्षा केंद्र भी बदले जा सकेंगे। इस बार परीक्षा केंद्रों की संख्या पिछली बार से दोगुनी बढ़ाई है। इससे सामाजिक दूरी की अनुपालना में मदद मिलेगी। परीक्षाओं के दौरान कोविड-19 दिशा-निर्देशों के पालन पर जोर रहेगा।
इच्छानुसार नजदीकी परीक्षा केंद्र उपलब्ध कराए जाएंगे
डॉ निशंक ने कहा कि छात्रों की सुविधा के लिए एनटीए की ओर से उम्मीदवारों को उनकी इच्छानुसार नजदीकी परीक्षा केंद्र उपलब्ध कराने का पूरा प्रयास किया जाएगा। छात्रों को तीन पुन: आवेदन की समयावधि में परीक्षा केंद्र बदलने के लिए भी मौका दिया जाएगा।
केंंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ निशंक का पूरा संबोधन यहां देखा जा सकता है।