इससे पहले, मीडिया रिपोर्टों में जेईई मेन 2021 की परीक्षाएं जुलाई और अगस्त 2021 में आयोजित की जाने की बात सामने आई थी। हालांकि, केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय और राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी द्वारा अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। जेईई मेन 2021 और जेईई एडवांस जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं पर अंतिम निर्णय शिक्षा मंत्रालय द्वारा लिया जाना है।
हाल ही में समाचार एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि जेईई मेन 2021 के लंबित सत्र या तो जुलाई के अंत में या अगस्त में आयोजित किए जाने और मेडिकल कॉलेजों के चिकित्सा पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा यानी नीट को सितंबर तक के लिए स्थगित करने की संभावना है। दोनों परीक्षाओं के बीच 14 दिनों के अंतराल के रखने पर विचार किया जा रहा था।
हालांकि, उम्मीद है कि मंगलवार, शाम सात बजे केंद्रीय शिक्षा मंत्री अपने लाइव संबोधन के दौरान जेईई मेन परीक्षा के लंबित चरणों को लेकर स्थिति स्पष्ट कर देंगे। बता दें कि इस साल जेईई मेन 2021 परीक्षा को चार चरणों में आयोजित करने का फैसला किया गया था। इसके तहत दो चरणों की परीक्षाएं लॉकडाउन से पहले संपन्न हो चुकी हैं। तथा शेष दो चरणों की परीक्षाओं का आयोजन होना है।