दिल्ली के शुभम श्रीवास्तव ने जेईई मेन 2019 के टॉपर का खिताब अपने नाम किया है। जबकि कर्नाटक के केविन मार्टिन दूसरे, मध्य प्रदेश के ध्रुव अरोड़ा तीसरे और पंजाब के जयेश सिंगला चौथे स्थान पर रहे हैं। जेईई मेन 2019 की रैंकिंग में 24 छात्रों ने सौ फीसदी पर्सेंटाइल हासिल किया है।
इसमें पंजाब के जयेश सिंगला, हरियाणा के धुव्र मरवाह व जितेंद्र कुमार यादव, उत्तर प्रदेश के नमन गुप्ता व हिमांशु गौरव सिंह को सौ पर्सेंटाइल मिला है। इसी रैंकिंग के आधार 2 लाख 45 हजार छात्रों को आईआईट में दाखिले के लिए आयोजित जेईई एडवांस 2019 की परीक्षा में भाग लेने का मौका मिलेगा।
आकाश हिमाचल तो अमन जम्मू कश्मीर के टॉपर
एनटीए ने नेशनल टॉपर की सूची के साथ-साथ पहली बार स्टेट टॉपर की सूची भी जारी की है। इसमें आकाश सोलंकी हिमाचल प्रदेश, अमन यादव जम्मू कश्मीर, द्रव्याह मरवाह हरियाणा, शुभम श्रीवास्तव दिल्ली, दिशांक जिंदल चंडीगढ़,जयेश सिंगला पंजाब, प्रतीक टिंबरवाल उत्तराखंड, हिमांशु गौरव सिंह उत्तर प्रदेश प्रदेश के टॉपर बने है।
इस साल दो हिस्से में हुई थी परीक्षा
इस साल जेईई मेन दो भागों में आयोजित की गई थी। पहला जनवरी 2019 में और दूसरा अप्रैल 2019 में आयोजित किया गया था। परीक्षा कम्प्यूटर आधारित टेस्ट फॉर्मेट में मल्टीपल स्लॉट पर आयोजित की गई थी। उम्मीदवारों का फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स का टेस्ट लिया गया था। ओवरऑल स्कोरिंग 360 में से थी यानी प्रत्येक सेक्शन के लिए 120 अंक।