बीएसईबी बिहार बोर्ड की 10वीं परीक्षा दे चुके विद्यार्थी तैयार रहे। उनका रिजल्ट जारी होने वाला है। बिहार स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा-2021 का परिणाम जारी करने की तिथि और समय घोषित कर दिया गया है। रिजल्ट को बिहार के शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी जारी करेंगे। मैट्रिक परीक्षा का रिजल्ट सोमवार, पांच अप्रैल, 2021 को दोपहर साढ़े तीन बजे जारी किया जाएगा। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, बिहार के शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी के साथ बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर और राज्य के अपर शिक्षा सचिव भी मौजूद रहेंगे।
इससे पहले बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) द्वारा 20 मार्च, 2021 को दसवीं परीक्षा की ‘आंसर की’ जारी कर दी गई थी। हालांकि, इस बार बोर्ड की ओर से कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच रिजल्ट जारी करने के लिए होने वाली प्रेस वार्ता टाल दी गई है। रिजल्ट देखने का तरीका और सीधा लिंक खबर में दिया गया है। रिजल्ट को बिहार बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट्स पर अपलोड करने का कार्य भी पूरा हो गया है। बता दें कि बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा में पास होने के लिए न्यूनतम 30 फीसदी अंक प्राप्त होना जरूरी होते हैं।
पिछले साल यह था पास प्रतिशत
बता दें कि गत वर्ष बिहार बोर्ड मैट्रिक की परीक्षा में 80.59 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए थे। तब 10वीं बोर्ड का परीक्षा परिणाम 26 मई, 2020 को जारी किया गया था। बोर्ड के अनुसार पिछले साल 10वीं की बोर्ड परीक्षा में 4,03,392 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी, 5,24,217 द्वितीय श्रेणी और 2,75,402 विद्यार्थी तीसरी श्रेणी से पास हुए थे।