किसे दिया जाता है भारत रत्न?
भारत रत्न देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है और यह सम्मान राष्ट्रीय सेवा जैसे कला, साहित्य, विज्ञान, सार्वजनिक सेवा और खेल के क्षेत्र में दिया जाता है। अपने क्षेत्र में अहम कार्य और योगदान से देश का गौरव बढ़ाने वाले लोगों को भारत रत्न दिया जाता है। साल 2011 से पहले यह पुरस्कार सिर्फ कला, साहित्य, विज्ञान और समाज सेवा क्षेत्र में दिया जाता था, लेकिन 2011 में इसमें संशोधन किया गया और अब भारत रत्न किसी भी क्षेत्र के व्यक्ति को दिया जा सकता है।
भारत रत्न में क्या-क्या होता है?
भारत रत्न सम्मान में एक पदक और प्रशस्ति पत्र दिया जाता है। इस प्रशस्ति पत्र पर भारत के राष्ट्रपति के हस्ताक्षर होते हैं। इसके साथ उसे तांबा धातु से बना करीब 5.8 सेमी लंबा और 4.7 सेमी चौथा और 3.1 मिमी मोटाई का पीपल की पत्ती के आकार का एक पदक दिया जाता है। इस पर चमकते हुए सूर्य की कलाकृति बनी होती है और नीचे हिंदी भाषा में 'भारत रत्न' लिखा होता है।
भारत रत्न मिलने पर क्या-क्या सुविधाएं मिलती हैं?
भारत रत्न में कोई रकम नहीं दी जाती, बल्कि कई प्रकार की सुविधाएं दी जाती हैं। भारत रत्न से सम्मानित व्यक्ति जिस भी राज्य में जाता है, वहां की सरकार उनका स्वागत राज्य के अतिथि के रूप में करती है। उन्हें परिवहन, बोर्डिंग और राज्य में ठहरने की सुविधा दी जाती है। नियम के आधार पर विस्तारित सुरक्षा भी दी जाती है। इसके अलावा, उन्हें अहम सरकारी कार्यकर्मों में शामिल होने के न्योता भी मिलता है। वे संसद की बैठकों में भी शामिल हो सकते हैं।
इस सम्मान को अपने नाम से पहले या बाद में जोड़ा नहीं जा सकता है। हालांकि, इसे पाने वाले अपने बायोडेटा, लेटरहेड या विजिटिंग कार्ड आदि पर 'राष्ट्रपति द्वारा भारत रत्न से सम्मानित' या 'भारत रत्न पुरस्कार प्राप्तकर्ता' लिख सकते हैं।
भारत रत्न पाने वाले के परिवार के लिए सुविधाओं को लेकर अभी तक किसी भी तरह के लिखित निर्देश नहीं हैं। हालांकि, यह सम्मान पाने वाले व्यक्ति के परिवार (जैसे पति/पत्नी और बच्चे) को भी राज्य सरकार अतिथि वाली सुविधाएं देती हैं। उन्हें व्यक्तिगत स्टाफ और ड्राइवर दिए जाते हैं।