अधिकारियों ने बताया कि गुप्त सूचना के बाद जयपुर पुलिस टीम ने जगतपुरा के एक परीक्षा केंद्र के पास से सात लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पुलिस को उनके मोबाइल फोन से उम्मीदवारों का विवरण और उनके द्वारा इस्तेमाल की गई दो कारों में से एक लाख रुपये नकद भी मिले। डीसीपी पूर्वी प्रह्लाद कृष्णिया ने कहा कि आरोपियों ने कथित तौर पर एसआई परीक्षा में चयन का वादा कर उम्मीदवारों से पैसे लिए। उन्होंने कहा, अधिक जानकारी का पता लगाने के लिए उनसे और पूछताछ की जा रही है।
नीट पेपर लीक और बोगस परीक्षार्थी मामले में भी 17 गिरफ्तार
वहीं, बहुचर्चित मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट 2021 में बोगस परीक्षार्थी बनकर परीक्षा देने और पेपर लीक प्रकरण में जयपुर और अजमेर पुलिस की टीमों ने प्रदेश भर में दबिश देकर कुल 17 लोगों को गिरफ्तार किया है। जहां जयपुर पुलिस ने भांकरोटा स्थित परीक्षा केंद्र राजस्थान इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी और अन्य पेपर सॉल्विंग ठिकानों से एक छात्रा समेत आठ लोगों को दबोचा। पुलिस ने इनसे 10 लाख रुपये भी जब्त किए। वहीं, अजमेर पुलिस की टीम ने एक अलग कार्रवाई के दौरान कोटा स्थित एक कोचिंग संस्थान के संचालक डॉक्टर राजन राजगुरु और छह मेडिकल छात्रों समेत कुल नौ लोगों को गिरफ्तार किया है।