उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गोकुलपुरी इलाके में शराब पीने के दौरान एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की शिनाख्त किशन जायसवाल (28) के रूप में हुई है। आरोपी वारदात के बाद से फरार है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार के हवाले कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक किशन परिवार के साथ बी-ब्लॉक, गोकुलपुरी में रहता था। परिवार में पिता अर्जुन जायसवाल, छोटा भाई अमित, पत्नी कोमल और डेढ़ साल की बेटी सुमन है। किशन छोटा-मोटा काम करता था। सोमवार रात वह अपने जानकार युवक आकाश के साथ बैठकर गोकुलपुरी ए-ब्लॉक के पार्क में शराब पी रहा था। इस बीच आकाश और किशन का झगड़ा हो गया।
पुलिस को दिए बयान में किशन के भाई अमित ने बताया कि वह पार्क में पहुंचा तो आरोपी किशन को बुरी तरह पीट रहा था। पूछने पर बताया कि किशन उसके पैसों की शराब पी गया और अब पैसे वापस नहीं कर रहा। बातचीत के दौरान आरोपी ने किशन को दीवार पर दे मारा, जिसकी वजह से खून निकलने लगा।
किशन भाई को घर ले आया और खुद ही पट्टी बांध दी। करीब डेढ़ घंटे बाद भी खून नहीं रुका को वह उसे जीटीबी अस्पताल ले गया, वहां से पुलिस को खबर मिली। इस दौरान किशन अचेत हो गया। सोमवार को पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया। मंगलवार को जब किशन की मौत हुई तो पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
एनएफसी में महिला की संदिग्ध हालात में मौत
न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी (एनएफसी) में अधेड़ महिला की संदिग्ध हालात में मौत होने का मामला सामने आया है। महिला अपने घर में मृत मिली। महिला के शरीर पर चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। घर में लूटपाट के सबूत भी नहीं मिले हैं। दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतका की पहचान कमो (47) के रूप में हुई। वह 104 सराय जुलैना में अकेली रहती थी। उनकी एक बेटी साहिमा शादीशुदा है और परिवार के साथ सीलमपुर में रहती है।
साहिमा अपनी मां को 28 फरवरी से फोन कर रही थी। मां ने फोन नहीं उठाया तो वह मंगलवार शाम घर पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद था। साहिमा ने खिड़की से झांक कर देखा तो कमो फर्श पर बेसुध पड़ी थी। कमो को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।