दिल्ली में हल्की सर्दी ने दस्तक दे दी है। सुबह और शाम के तापमान में कमी देखी जा रही है। अब इस सप्ताह अधिकतम और न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री तक तापमान गिरेगा। इस कारण ज्यादा सर्दी का अहसास होगा।
सोमवार को भी न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस सप्ताह पारे में गिरावट केकारण अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री तक पहुंच जाएगा।
सोमवार को सुबह एक बार फिर हल्की धुंध छाई रही। तापमान में कमी केकारण हल्की सर्दी का अहसास होता रहा। सोमवार को मुंगेशपुर मौसम केंद्र पर सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री और लोदी रोड पर 13.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि 10 नवंबर के बाद से अधिकतम तापमान व न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट होने लगेगी। बुधवार के बाद से अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री तक पहुंच जाएगा। नवंबर के दूसरे सप्ताह में 12 से 16 नवंबर के बीच अमूमन अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाता है।