गत दिनों लगातार हुई बारिश के बाद दिल्ली-एनसीआर से मानसून एक बार फिर रूठ गया है। यही वजह है कि मौसम विभाग के बार-बार लगाए जा रहे अनुमान के बाद भी बारिश नहीं हो रही है। शनिवार से दिल्ली-एनसीआर में तापमान बढ़ेगा और गर्मी लोगों को सताएगी। सप्ताह भर के लिए विभाग ने बारिश की कम संभावना जताई है।
प्रादेशिक मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन अधिक 36.7 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य के बराबर 26.7 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले 24 घंटों में हवा में नमी का स्तर 55 से 88 फीसदी रहा। पालम में अधिकतम तापमान 35.6, लोदी रोड में 36.4, रिज में 35, आया नगर में 35.4, गुरुग्राम में 34.9, जफरपुर में 35.8, मुंगेशपुर में 35.9, नरेला में 35.4 व नोएडा में 35.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों में दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है। इससे तापमान में अधिक प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान 35 व न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। अगले दो दिनों में तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
औसत श्रेणी में पहुंची दिल्ली-एनसीआर की हवा
दिल्ली-एनसीआर की हवा में शुक्रवार को बदलाव हुआ है। हवा की गुणवत्ता संतोषजनक श्रेणी से औसत श्रेणी में पहुंची है। अगले तीन दिनों तक हवा की गुणवत्ता में अधिक बदलाव होने की संभावना नहीं है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंणत्र बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, शुक्रवार को औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 104 रहा। इसके अलावा फरीदाबाद का 68, गाजियाबाद का 95, ग्रेटर नोएडा का 122, गुरुग्राम का 93 और नोएडा का 102 एक्यूआई रहा।
सफर इंडिया के मुताबिक, अगले 24 घंटों में भी हवा में अधिक बदलाव नहीं होने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में हवा में पीएम 10 का स्तर 89 व पीएम 2.5 का स्तर 42 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा। पीएम 10 का स्तर 100 से कम व पीएम 2.5 का स्तर 60 से कम होने पर सुरक्षित श्रेणी में माना जाता है।