मौसम के बदलते मिजाज के बीच दिन पर दिन सूरज के तेवर और भी तल्ख हो रहे हैं। इस कड़ी में मंगलवार का दिन 34.7 डिग्री सेल्सियस के साथ सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। साथ ही बीते चार वर्षों में यह सबसे अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया है।
इससे पहले वर्ष 2018 में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सप्ताह के अंत तक अधिकतम पारा 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा।
राजधानी में बीते एक सप्ताह से तेजी से मौसम बदल रहा है। ऐसे में अब घर व कार्यालयों में गर्मी से राहत के लिए पंखे चलने की शुरुआत हो गई है। मौसम विभाग ने एक दिन पहले मंगलवार के लिए मौसम साफ रहने के साथ तेज धूप खिलने की संभावना जताई थी। इस बीच सुबह से ही सूरज के कड़े तेवर देखने को मिले।
दिन चढ़ने के साथ सूरज की तपिश भी बढ़ती गई। दोपहर में पारा सामान्य से पांच अधिक तक पहुंच गया। इस वजह से लोग छाव का सहारा लेते हुए दिखे। हवा की रफ्तार मध्यम रही व न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन अधिक 18.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हाव में नमी का स्तर 35 से 92 फीसदी तक रहा।