क्राइम पेट्रोल सीरियल देखकर लूटपाट की वारदात करने वाले तीन बदमाशों को मैदानगढ़ी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी अपने परिवार से अलग महिला दोस्त के साथ रहता था। इसके लिए उसे पैसे की जरूरत थी। आरोपी ने अपराधिक वारदात करने के लिए गिरोह बनाया और मेडिकल स्टोर मालिक व उसके साले को पिस्टल के बल पर लूट लिया। हालांकि आरोपी ने वारदात के लिए खिलौना पिस्टल का इस्तेमाल किया था।
दक्षिण जिला डीसीपी अतुल कुमार ठाकुर के अनुसार इग्रू रोड पर मेडिकल स्टोर चलाने वाला नंदन कुमार सात-आठ जुलाई की रात करीब 12.20 बजे अपने साले विष्णु कुमार के साथ मोटरसाइकिल से घर जा रहा था। जब वह सैनिक फार्म एरिया में पहुंचे मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर उन्हें रोक लिया।
बदमाश उनसे डेढ़ लाख रुपये, दो सोने की चेन व मोबाइल फोन लूटकर ले गए। मामला दर्जकर मैदानगढ़ी थानाध्यक्ष जतन सिंह की देखरेख में संजय कॉलोनी चौकी प्रभारी उमेश यादव, हवलदार पंकज व कृष्ण की टीम ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज को खंगाला।
मेडिकल स्टोर के छह कर्मचारियों से पूछताछ की गई। पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल, आरोपियों के कपड़े और जूतों को देखकर कुछ हद तक पहचान की। इसके बाद मिली सूचना के बाद दक्षिणपुरी निवासी वासु, मो. समीर और रितिक अरोड़ा को गिरफ्तार कर लिया। तीनों की उम्र 21 से 22 वर्ष के बीच है। इनके कब्जे से लूटी गई रकम में से 40200 रुपये, मोटरसाइकिल और खिलौना पिस्टल बरामद की है।