दक्षिण दिल्ली के संगम विहार इलाके में ठक-ठक गिरोह ने जम्मू कश्मीर सरकार में महिला उपश्रमायुक्त के साथ लूटपाट की। वारदात के दौरान बदमाशों ने महिला से उनका पर्स लूटने का प्रयास किया। पीड़िता ने जब अपना पर्स नहीं छोड़ा तो आरोपी स्कूटी से उनको करीब 100 मीटर तक घसीटकर ले गए। बाद में आरोपी महिला का पर्स ले जाने में कामयाब रहे।
लूटपाट में पीड़िता विदुषी कूपर शर्मा (47) बुरी तरह जख्मी हो गईं। उनको नजदीकी बत्रा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संगम विहार थाना पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि उनके हाथ कुछ अहम सुराग लगे हैं, जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त ने बताया कि विदुषी कूपर शर्मा परिवार के साथ वसंतकुंज में रहती हैं। वह जे एंड के सरकार में उप श्रम आयुक्त हैं। शुक्रवार को वह अपने बेटे के साथ घर से फरीदाबाद किसी काम के लिए निकलीं। इस बीच जैसे ही वह खानपुर टी-प्वाइंट के पास पहुंची अचानक दो लड़कों ने इशारा कर उनसे कार से तेल निकलने की बात की।
विदुषी ने तुरंत एक साइड में कार को रोका और वह कार की जांच करने लगीं। इस बीच स्कूटी सवार दो युवक वहां पहुंचे। आरोपियों ने विदुषी के कंधे पर लटका उनका पर्स छीनने की कोशिश की। लेकिन उन्होंने अपना पर्स नहीं छोड़ा। आरोपियों ने जोर से झटका मारकर विदुषी को सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद भी उन्होंने पर्स नहीं छोड़ा। आरोपी उनको करीब 100 मीटर दूर तक घसीटते हुए ले गए। बुरी तरह जख्मी होने के बाद विदुषी ने अपना पर्स छोड़ दिया। आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना देखने के बाद राहगीर तुरंत वहां पहुंचे। पुलिस को सूचना देने के बाद विदुषी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनको छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने उनकी शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। विदुषी ने पुलिस को बताया है कि उनके पर्स में कुछ कैश, एटीएम कार्ड और उनको आईकार्ड मौजूद था। पुलिस सीसीटीवी की मदद से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।