दिल्ली सरकार द्वारा रविवार को त्यागराज स्टेडियम में शिक्षक दिवस के अवसर पर समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में 122 शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए कार्यों के लिए राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
शिक्षा के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 122 शिक्षकों को दिल्ली सरकार ने पुरस्कृत किया। सरकार ने कहा है कि वह दिल्ली के बच्चों को विश्वस्तरीय शिक्षा प्रदान करने के लिए शिक्षकों का स्तर ऊंचा उठाएगी। इसके लिए शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जायेगा और उन्हें विश्वस्तरीय एक्सपोजर दिया जाएगा।
विज्ञापन
शिक्षकों को पुरस्कृत करने के अवसर पर मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली सरकार शिक्षकों के विश्व के सर्वश्रेष्ठ 100 विश्वविद्यालयों में पढ़ने का सपना पूरा करेगी। इस योजना का पूरा खर्च दिल्ली सरकार उठाएगी। उन्होंने कहा कि अगर शिक्षक उच्च गुणवत्ता के होंगे तो बच्चों को ज्यादा बेहतर शिक्षा देंगे।
उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि शिक्षक सबसे बड़े राष्ट्र निर्माता होते हैं। वे बच्चों के माध्यम से किसी राष्ट्र की मजबूत नींव डालते हैं जिसके दम पर कोई राष्ट्र अपने भविष्य के सपने गढ़ता है। उन्होंने कहा कि अगर भारत को विश्व में सर्वश्रेष्ठ बनना है तो उसे अपनी शिक्षा में सर्वाधिक निवेश करना चाहिए।