दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ने सरकारी कार्यालयों में मच्छर जनित बीमारियों का पता लगाने के लिए अभियान चलाया है। इस दौरान 119 सरकारी कार्यालयों में मच्छरों का प्रजनन पाया गया। इनमें से 75 को नोटिस और 21 को चालान जारी किया गया है। इसमें डीडीए, पीडब्ल्यूडी, दिल्ली जल बोर्ड, डीएमआरसी और एमटीएनएल समेत दूसरे सरकारी कार्यालय भी शामिल हैं।
दक्षिणी दिल्ली निगम ने चारों जोनों में स्थित विभिन्न सरकारी कार्यालयों में मच्छरों के प्रजनन की जांच की और नियंत्रण का उपाय किया। लंबे समय से जागरूकता अभियान चलाने के बावजूद यहां मच्छरों के प्रति सतर्कता नहीं बरते जाने के बाद नगर निगम के सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की है। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली में मच्छर जनित बीमारियों का प्रकोप बढ़ने लगा है। इसलिए मच्छर जनित रोगों पर नियंत्रण के लिए अभियान को और तेज कर दिया है।
मालवीय नगर में डीएमआरसी कार्यालय, शाहपुर जाट में डीडीए कार्यालय, महरौली पुलिस थाना, वसंत लोक में डाकघर, वसंत कुंज में पीडब्ल्यूडी कार्यालय, दक्षिणपुरी में एसबीआई शाखा, पंखा रोड पर दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) कार्यालय, चौखंडी में डीजेबी कार्यालय, केशवपुरम में डीटीसी बस डिपो, द्वारका में बीएसईएस स्टोर, द्वारका सेक्टर -16 में एमटीएनएल कार्यालय, फतेहपुर बेरी में बीएसईएस कार्यालय, इग्नू विश्वविद्यालय समेत बाकी सरकारी कार्यालयों को नोटिस या चालान किए गए हैं।