नई दिल्ली। कोटला मुबारकपुर इलाके में हाईकोर्ट के प्रोटोकॉल अधिकारी को बदमाशों ने निशाना बनाया। ऑटो से घर जाने के दौरान बाइक सवार बदमाशों ने जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम के पुल पर उनका मोबाइल और दस हजार रुपये झपट लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
ज्ञानचंद (65) सपरिवार एंड्रूजगंज में रहते हैं। वह हाईकोर्ट में प्रोटोकॉल अधिकारी हैं। 29 सितंबर को ज्ञानचंद को उनके दोस्त कार से साईं बाबा मंदिर के पास छोड़कर चले गए। रात करीब सवा दस बजे वहां से वह ऑटो लेकर घर जा रहे थे। जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम के पुल पर पीछे से बाइक पर आए दो बदमाशों ने चलते ऑटो से उनके हाथ से मोबाइल और जेब से दस हजार रुपये छीन लिए।
कुछ देर के लिए पीड़ित कुछ समझ नहीं पाए कि उनके साथ क्या हुआ। उन्होंने ऑटो चालक को बदमाशों का पीछा करने के लिए कहा। लेकिन चालक ने ऐसा करने से मना कर दिया। उन्होंने राहगीर की मदद से पुलिस को घटना की जानकारी दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने झपटमारी का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस पीड़ित के मोबाइल को सर्विलांस पर लगाकर बदमाशों की तलाश करने में जुटी है।