एसीपी अत्तर सिंह की देखरेख में इंस्पेक्टर शिव कुमार, कर्मवीर सिंह व एसआई राजेश कुमार की टीम ने सुल्तानपुर डबास गांव के पास प्रेम प्याऊ पर घेराबंदी कर आरोपी सुल्तानपुर डबास गांव निवासी प्रवीण डबास (24) को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने कबूल किया गुनाह
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रवीण डबास ने पूछताछ में खुलासा किया है कि उसने सुशील पहलवान और उसके 18/20 साथियों के साथ लाठियों, हॉकी स्टिक और डंडों से लैस होकर छतरसाल स्टेडियम में चार व पांच मई, 2021 की मध्यरात्रि में अपने प्रतिद्वंद्वी समूह के सदस्यों को बेरहमी से पीटा था। हमले के दौरान सागर धनखड़, सोनू महल, अमित और प्रतिद्वंद्वी समूह के अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
निजी रंजिश में किया था हमला
उसने बताया कि सुशील पहलवान और उनके सहयोगियों ने प्रतिद्वंद्वी समूह के सदस्यों के साथ अपने निजी रंजिश को निपटाने, उन्हें सबक सिखाने और क्षेत्र में अपना प्रभुत्व दिखाने के लिए पूर्व-षड्यंत्र रचा था। सागर धनखड़ ने अगले दिन अस्पताल में दम तोड़ दिया था। सुशील कुमार पहलवान अंतरराष्ट्रीय स्तर का पहलवान हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुश्ती में विश्व चैम्पियनशिप, ओलंपिक, राष्ट्रमंडल, एशियाई खेल में 10 से अधिक मेडल जीत चुका है।
18 आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
जूनियर पहलवान सागर धनखड़ एक अच्छा पहलवान था और सुशील पहलवान द्वारा उन्हें कुश्ती में प्रतिद्वंद्वी के रूप में देखा जाता था। सागर धनखड़ कुख्यात गैंगस्टर काला जठेड़ी का भतीजा था। इस बात से काला जठेड़ी भी सुशील पहलवान से नाराज था।
सुशील कुमार को नीरज बवाना गिरोह का उसके संदिग्ध संपत्ति सौदों और प्रतिद्वंद्वी समूह के सदस्यों में अपना प्रभुत्व दिखाने के लिए आतंकित करने में भी समर्थन था। सागर हत्या मामले में अब तक कुल 18 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सुशील पहलवान सहित पहले से ही गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में केस विचाराधीन है।