दिल्ली एम्स के डॉ. नवल बताते हैं कि कोरोना संक्रमण कई देशों में असर दिखा रहा है। कई जगह पर संक्रमण बढ़ने के बाद अब संख्या कम होने लगी है। अगर उस आधार पर देखें तो यहां भी संख्या में कमी आएगी लेकिन यह कब तक आ सकती है? इसके बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं है।
कई देशों में तेजी से नीचे आ रहा संक्रमण
वहीं नीति आयोग के सदस्य डॉ. वीके पॉल का कहना है कि कुछ देशों में जिस तेजी से संक्रमण ऊपर गया है, उसी तेजी से नीचे आने लगा है। इसलिए भारत में भी यह असर दिखाई दे सकता है। उनका कहना है कि अभी पीक ऊपर जा रहा है लेकिन कुछ समय बाद इसमें एक ठहराव जरूर आएगा और फिर यह नीचे की ओर बढ़ना शुरू होगा। इस गणितीय प्रक्रिया का पूरा होने तक लोगों को अपना ध्यान रखना है।
उन्होंने आगे कहा कि जिन लोगों ने वैक्सीन नहीं ली है उन्हें तत्काल टीकाकरण में देरी नहीं करनी चाहिए। जिन लोगों ने दोनों खुराक ले ली हैं तो उन्हें कोविड सतर्कता नियमों का पालन करना है। बहुत जरूरी होने पर ही लोग अपने घरों से बाहर निकलें।