सागरपुर इलाके में शराब के नशे में धुत व्यक्ति को घर के बाहर लघुशंका करने से मना करने पर उसके बेटे ने पड़ोसी को चाकू से गोद दिया। घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास का मामला दर्ज आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके फरार पिता की तलाश की जा रही है।
मूलत: गांव पुरबावां हरदोई यूपी का रहने वाला अब्दुल कलाम (32) सपरिवार इंद्रा पार्क सागरपुर में किराए पर रहता है। वह पेशे से फल विक्रेता है। पुलिस को दी शिकायत में उसने बताया कि 14 अक्तूबर की रात वह अपने घर के बाहर मौजूद था। इसी दौरान राजीव पार्क इलाके में रहने वाले अंकित गुप्ता का पिता सूचित गुप्ता शराब के नशे में वहां आया। वह अब्दुल कलाम के घर के बाहर लघुशंका करने लगा। यह देखकर अब्दुल कलाम ने उसे मना किया और बताया कि घर में महिलाएं भी हैं।