राजधानी में नर्सरी दाखिले के आवेदन के लिए अंतिम सप्ताह बचा है। इसके तहत दिल्ली के 1700 से ज्यादा निजी स्कूलों में नर्सरी-केजी व पहली कक्षा के लिए आवेदन किया जा सकेगा। दाखिले के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 21 जनवरी है।
दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय के मुताबिक, सामान्य श्रेणी में अभिभावक 21 जनवरी तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद 24 जनवरी को निजी स्कूलों में 75 फीसदी ओपन सीटों को लेकर आवेदन करने वाले बच्चों का विवरण स्कूल की वेबसाइट पर अपलोड होगा।
नर्सरी दाखिला के शेड्यूल के मुताबिक, चार फरवरी को सभी निजी स्कूल पहली सूची जारी करेंगे। इसमें प्रतीक्षा सूची भी जारी की जाएगी। दूसरी सूची 21 फरवरी को जारी होगी। वहीं, 31 मार्च तक नर्सरी दाखिला की पूरी प्रक्रिया समाप्त हो जाएगी।
नर्सरी दाखिला से जुड़े एक विशेषज्ञ के मुताबिक, नर्सरी दाखिले को लेकर अब तक दो लाख से ज्यादा आवेदन स्कूलों को मिले हैं। एक-एक सीट पर एक दर्जन से ज्यादा आवेदन किए गए हैं। बता दें कि 25 फीसदी सीटों पर आवेदन प्रक्रिया फरवरी से शुरू होगी।
इसके तहत 1700 से अधिक निजी स्कूलों में 75 फीसदी सीटों पर आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद शिक्षा निदेशालय बाकी सीटों पर दाखिला प्रक्रिया शुरू करेगा। इन 25 फीसदी सीटों पर ईडब्ल्यूएस-डीजी श्रेणी में आने वाले छात्र दाखिला के लिए आवेदन कर सकेंगे।
गौरतलब है कि नर्सरी दाखिले के लिए पहले आवेदन की अंतिम तिथि सात जनवरी थी, लेकिन कोरोना संक्रमण बढ़ने के कारण आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई थी।