किसी ने मौके से ही उनके परिवार को हादसे की सूचना दे दी थी। परिवार भी मौके पर पहुंच गया। ट्रामा सेंटर पहुंचने पर परिवार को तीरथ सिंह की मौत का पता चला। शुरुआती जांच के बाद पुलिस को तीरथ की स्कूटी आगे और पीछे दोनों जगहों से क्षतिग्रस्त मिली है। पुलिस आशंका जता रही है कि पीछे से किसी दूसरे वाहन ने तीरथ की स्कूटी को टक्कर मारी, जिसके बाद उनका संतुलन बिगड़ा और वह हादसे शिकार हो गए। घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से हादसे की जांच की जा रही है। टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
परिजनों का दावा लूटपाट के दौरान तीरथ हुए हादसे का शिकार...
तीरथ सिंह की मौत के बाद उनके परिजन इस सड़क हादसा मानने को तैयार नहीं है। परिजनों का कहना है कि वारदात के बाद फौरन प्रत्यक्षदर्शियों ने उनको कॉल कर घटना की जानकारी दी थी। लोगों का कहना था कि बुलेट बाइक सवारों ने चलती स्कूटी से तीरथ की जेब से कुछ निकालने का प्रयास किया था।
उनके अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इस दौरान बदमाशों ने उनका गिरेबान पकड़ लिया, जिसके बाद तीरथ सड़क से फुटपाथ की ओर जाकर मेट्रो स्टेशन के शीशे से टकराए और शीशा तोड़ते हुए नीचे गिर गए। सिर के बदल नीचे गिरने की वजह से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने सीसीटीवी से जांच करवाने की बात की है। पुलिस अधिकारियों ने भी परिवार को जांच का पूरा आश्वासन दिया है।
फिल्मी स्टाइल में हुआ हादसा, किसी को नहीं हो रहा यकीन...
दिल्ली विधानसभा मेट्रो स्टेशन के बाहर जहां हादसा हुआ, वहां से मेट्रो स्टेशन का शीशा तोड़कर नीचे गिरने की संभावना बेहद कम है। मेट्रो प्रशासन ने तीन ओर मोटे शीशे की दीवार लगाने के अलावा करीब तीन फुट स्टील की रेलिंग भी लगाई हुई है। ऐसा लगता है कि हादसे के समय तीरथ की स्कूटी की रफ्तार काफी तेज थी। रफ्तार अधिक होने के कारण वह फुटपाथ पर चढ़े और उनकी स्कूटी स्टील की रेलिंग से टकराकर वहीं रुक गई। तीरथ स्कूटी से उछलकर शीशे से टकराए, जिसके बाद शीशा टूटा और वह गहरे मेट्रो स्टेशन में अंदर गिर गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।