लॉकडाउन के कारण पढ़ाई, मीटिंग, सेमिनार, कांफ्रेंस सब ऑनलाइन हो ही रहें, अब छात्र संघ चुनाव भी ऑनलाइन होने लगे हैं। जी हां दिल्ली विश्वविद्यालय के मैत्रेयी कॉलेज में दो मई को छात्र संघ चुनाव ऑनलाइन (ई-छात्र संघ चुनाव) कराए गए। मैत्रेयी ई-चुनाव कराने वाला पहला कॉलेज बन गया है। कॉलेज में ऑनलाइन चुनाव के साथ-साथ प्रचार भी ऑनलाइन ही किया।
मालूम हो कि मैत्रेयी कॉलेज दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ से संबद्ध नहीं है। कॉलेज में हर साल छात्र संघ चुनाव अप्रैल या मई में होते हैं लेकिन लॉकडाउन होने के कारण छात्रसंघ चुनाव नहीं हो पा रहे थे। ऐसे में दो मई को सुबह 9 से सायं 5 बजे तक ऑनलाइन वोटिंग कराई गई। पहले के चुनावों की अपेक्षा इस बार लगभग डेढ़ गुना अधिक वोटिंग हुयी। तीन मई को चुनाव के नतीजों की घोषणा कर दी गई।
कॉलेज प्रिंसिपल डॉ हरित्मा चोपड़ा ने कहा कि समस्या चाहे जितनी बड़ी हो, उसका कोई न कोई समाधान अवश्य होता है। लॉकडाउन के बाद से शिक्षक ऑनलाइन कक्षाएं ले रहे हैं और वेबिनार के माध्यम से छात्राओं से संपर्क मेें हैं। ऐसे में हमने चुनाव प्रक्रिया भी ऑनलाइन कराने का निर्णय लिया। दो मई को 14 उम्मीदवारों ने अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष के पदों के लिए चुनाव लड़ा।
प्रत्येक वर्ष की छात्राओं के लिए अलग-अलग कुल तीन लिंक बनाए गए जिसके माध्यम से छात्राओं ने अपना वोट डाला। नतीजों में अध्यक्ष पद के लिए स्वस्तिका राणा, उपाध्यक्ष के परिना शर्मा, सचिव श्रेया दीक्षित और कोषाध्यक्ष के लिए एकता को विजेता घोषित किया गया। चुनाव परिणाम की घोषणा भी ऑनलाइन माध्यम गूगल मीट पर वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए की गई।