देश की राजधानी दिल्ली के अंबेडकर नगर थाना इलाके में बुधवार देर रात बाइक सवार बदमाशों ने वकील को गोली मार दीं। वकील को हाथ-पैर में गोलियां लगी हैं। वकील को एम्स के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। वहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने घायल वकील गौहर आलम (36) की शिकायत पर हत्या का प्रयास व आर्म्स एक्ट आदि का मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि बृहस्पतिवार देर शाम तक बदमाशों का सुराग नहीं लगा था। आशंका व्यक्त की जा रही है कि आपसी रंजिश के चलते वकील को गोली मारी गई है।
दक्षिण जिला डीसीपी अतुल कुमार ठाकुर के अनुसार गौहर आलम परिवार के साथ मदनगीर में रहते हैं और साकेत कोर्ट में वकालत करते हैं। बुधवार रात को खाना खाने के बाद रात करीब साढ़े नौ बजे वह टहलने घर से बाहर आए और घर के पास ही जानकारों से बात कर रहे थे। तभी बाइक सवार दो बदमाश वहां पहुंचे।
कुछ देर बाद बदमाशों ने उन पर गोलियां चलाना शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बाइक सवार बदमाशों ने तीन गोलियां चलाई थीं। वकील को दो गोली हाथ-पैर में लगी हैं। पुलिस ने पीड़ित को एम्स के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया।
बताया जा रहा है कि पीड़ित के खिलाफ हत्या के प्रयास का एक मामला दर्ज है। ऐसे में माना जा रहा है कि आपसी रंजिश के चलते वकील को गोली मारी गई हैं। अंबेडकर नगर थाने में आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमें बनाई गई हैं।