दिल्ली के झंडेवाला मंदिर में अमर्यादित कपड़े पहनकर आने पर रोक लगाने का मामला सामने आया था। वहीं, झंडेवाला माता मंदिर प्रबंधन कमेटी के सचिव ने इस तरह का पोस्टर लगाने की बात को सिरे से नकारा है। मंदिर समिति के प्रवक्ता ने बताया कि करीब 4 महीने पहले एक बोर्ड लगाया था, जिसके माध्यम से आग्रह किया गया है कि मंदिर में मर्यादित वस्त्र पहन कर आए।
उत्तर प्रदेश के एक मंदिर में करीब चार-पांच महीने पहले अमर्यादित कपड़े पहनकर आने वालों को प्रवेश देने पर रोक लगाई गई थी। इस बारे में उस मंदिर के बाहर बोर्ड और पोस्टर लगाए गए थे, जो सोशल मीडिया पर काफी सुर्खियों में रहे थे। इसके बाद से मंदिरों में इस तरह के बोर्ड और पोस्टर लगाने का अभियान शुरू हुआ है। हालांकि दिल्ली के मंदिरों में अमर्यादित कपड़े पहनकर आने वालों को रोकने का अभी तक कोई मामला सामने नहीं आया है।
वर्षों पहले गुरुद्वारों में अमर्यादित कपड़े पहनकर आने वालों पर रोक लगाई गई थी और इस तरह के कपड़े पहनकर आने वालों को गुरुद्वारे में प्रवेश देना बंद कर दिया था। उनमें इस तरह की रोक अभी भी है। कटरा स्थित वैष्णो माता मंदिर में भी अमर्यादित कपड़े पहनकर आने वाले श्रद्धालुओं को प्रवेश नहीं दिया जाता है। उनको दर्शन किये बिना वापस भेज दिया जाता है। इसी के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के एक मंदिर में रोक लगाई गई थी।