बॉलीबुड अभिनेत्री सोनम कपूर के घर से 2.4 करोड़ रुपये की जूलरी व नकदी चोरी के मामले की जांच नई दिल्ली जिले की स्पेशल स्टाफ को सौंप दी गई है। पहले मामले की जांच स्थानीय पुलिस तुगलक रोड थाना पुलिस कर रही थी। आहूजा परिवार के घर में काम करने वाले 10 पूर्व कर्मचारियों की तलाश की जा रही है।
नई दिल्ली जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मामले में स्पेशल स्टाफ की टीम तीन घरेलू सहायिका, दो केयर टेकर और एक कुक से पूछताछ कर चुकी है। पूछताछ में पुलिस को आरोपी के बारे में कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिस कमरे में ज्वेलरी रखी हुई थी वहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हुए हैं। कोठी के बाहर सीसीटीवी लगे हुए हैं।
सीसीटीवी फुटेज से भी आरोपी का सुराग हाथ नहीं लगा है। आहूजा परिवार में करीब 30 से ज्यादा कर्मचारी काम कर कर रहे हैं। बॉलीवुड अभिनेत्री सोनम कपूर की ससुराल 22 अमृता शेरगिल मार्ग पर है। उनकी ददिया सास सरला अाहूजा (86) के कमरे से 2.4 करोड़ रुपये की जूलरी व नकदी चोरी हो गई थी। 23 फरवरी को तुगलक रोड थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।