फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ताइक्वांडो में गोल्ड मेडलिस्ट झपटमारी और लूट में गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
नई दिल्ली। मोती नगर थाना पुलिस ने ताइक्वांडो के राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी सूरज बहादुर उर्फ फाइटर को लूटपाट और झपटमारी के मामले में गिरफ्तार किया है। आरोपी ताइक्वांडो में दो गोल्ड मेडल जीत चुका है। पेशे से कम्प्यूटर इंजीनियर सूरज बेहतरीन गायक भी है और इंडियन आइडल में हिस्सा ले चुका है। महंगे शौक और अय्याशी की वजह से वह लूटपाट की वारदात को अंजाम देने लगा। दिल्ली पुलिस उसे पहले भी गिरफ्तार कर चुकी है। उसके कब्जे से 55 मोबाइल फोन, तीन बाइक और दो स्कूटी बरामद की गई हैं।
विज्ञापन

पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त उर्विजा गोयल ने बताया कि मोती नगर थाना प्रभारी राजवीर लांबा के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान रामा रोड से गुजर रहे एक स्कूटी सवार युवक पर शक हुआ। वह पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने पीछा कर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उससे एक पिस्टल बरामद हुई। जांच के दौरान पता चला कि उसके कब्जे से बरामद स्कूटी कीर्ति नगर इलाके से चुराई गई है। बदमाश की पहचान विकास नगर निवासी सूरज उर्फ फाइटर के रूप में हुई। उसने बताया कि वह दिल्ली के अलग अलग जिलों में अब तक सौ से अधिक झपटमारी और लूट की वारदात को अंजाम दे चुका है। वह सब्जी मंडी इलाके में अपने साथियों के साथ मिलकर ढाई किलो सोना लूट चुका है। पुलिस ने उसके निशानदेही पर 55 मोबाइल फोन, बाइक और स्कूटी बरामद कर ली।
मुंबई के एक अच्छे परिवार से ताल्लुक रखता है
पुलिस की तफ्तीश में सामने आया है कि सूरज मुंबई में रहने वाले एक अच्छे परिवार से ताल्लुक रखता है। उसके पिता मुंबई हाईकोर्ट में वकील हैं। सूरज को बचपन से ताइक्वांडो खेलने और गाने का शौक था। उसने कम्प्यूटर इंजीनियरिंग में डिप्लोमा कर रखा है। इसके साथ ही वह खेल और गाने की शौक को भी पूरा करता रहा। वह वर्ष 2013 और 2014 में ताइक्वांडो का राष्ट्रीय चैंपियन बना। गाने के शौक को पूरा करने के लिए इंडियन आयडल सीजन चार में भी हिस्सा लिया। पता चला है कि गलत आदतों के कारण परिवार ने उसे घर से निकाल दिया। अब दिल्ली में अपने साथियों के साथ रहता है।
विज्ञापन

जेल से निकलने के बाद वारदात करने लगता था
जांच में पता चला कि सूरज को दिल्ली पुलिस कई बार गिरफ्तार कर चुकी है। उस पर 30 से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं। जेल से निकलने के बाद वह दोबारा वारदात को अंजाम देने लगता था। पहली बार उसे जनकपुरी थाना पुलिस ने वर्ष 2014 में लूटपाट के मामले में गिरफ्तार किया था। उसके पास से 49 मोबाइल फोन बरामद हुए थे। उसके बाद तिलक नगर थाना पुलिस ने जून 2017 में गिरफ्तार किया था। वह रणहौला थाने का घोषित बदमाश है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सूरज को अच्छे कपड़े और जूते पहनने का शौक है। साथ ही वह महिला दोस्तों के साथ नाइट क्लबों में घूमता है। उसकी कई गर्लफ्रेंड हैं, जिन पर वह मोटा खर्च करता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें