नई दिल्ली। सराय रोहिल्ला थाना पुलिस ने डकैती के मामले में शामिल पांच नाबालिगों को घटना के 24 घंटे के भीतर पकड़ लिया है। पकड़े गए सभी बदमाश नशे के आदी हैं। इनके कब्जे से पुलिस ने चाकू और मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।
उत्तर जिला पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया ने बताया, 20 जुलाई की रात सराय रोहिल्ला थाना पुलिस को दीप चंद बंधु अस्पताल से एक युवक को घायल अवस्था में भर्ती कराए जाने की सूचना मिली। जांच पड़ताल में पता चला 20 जुलाई की रात फैक्टरी कर्मी काम कर घर जा रहा था। पार्क के पास चार पांच बदमाशों ने उसे घेर लिया और लूटपाट करने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने उसपर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। बदमाश उससे मोबाइल फोन लूटकर भाग गए। पुलिस ने डकैती का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। सीसीटीवी कैमरे से पता चला बदमाश जखीरा रेलवे लाइन की ओर भागे थे। पुलिस पांच नाबालिगों को जखीरा फ्लाई ओवर और रेलवे बस्ती से दबोच लिया। ब्यूरो