नई दिल्ली। प्रदेश महिला कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को इंदिरा भवन स्थित कांग्रेस मुख्यालय में नेतृत्व सृजन कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान महिला सशक्तिकरण के लिए प्रियदर्शिनी उड़ान योजना और प्रियदर्शिनी सिलाई योजना का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा ने किया और अध्यक्षता प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रमुख पुष्पा सिंह ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दिल्ली प्रभारी काजी निजामुद्दीन और प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र यादव उपस्थित हुए। प्रियदर्शिनी उड़ान योजना के तहत महिलाओं को सैनिटरी पैड निर्माण का कार्य दिया जाएगा और हर विधानसभा क्षेत्र में प्रत्येक माह निःशुल्क सैनिटरी पैड वितरित किए जाएंगे। इस पहल से महिलाएं आत्मनिर्भर बनेंगी। वहीं, प्रियदर्शिनी सिलाई योजना के तहत दिल्ली के सभी जिलों में सिलाई केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां महिलाओं को सिलाई-कढ़ाई से संबंधित प्रशिक्षण और रोजगार मिलेगा। ब्यूरो