दिल्ली के नार्थ रोहिणी थाना पुलिस ने इलाके में चल रहे फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा किया है। पुलिस ने पांच महिला समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी तमिलनाडु के स्नैपडील ग्राहकों को महेंद्रा एक्सयूवी जीतने का झांसा देकर उनसे ठगी करते थे। पुलिस ने सेंटर से 12 मोबाइल फोन, 5 सिम, स्नैपडील के 9 स्टाम्प और सात रजिस्टर बरामद किए हैं।
जिला पुलिस उपायुक्त प्रणव तायल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवादा बिहार निवासी राजन कुमार, गया बिहार निवासी सोनू कुमार, मंगोलपुरी निवासी ज्योति, पुष्पा, वजीरपुर निवासी संगीता, शकूरपुर निवासी धनलक्ष्मी और जनकपुरी निवासी प्रिया के रूप में हुई है।
रोहिणी पुलिस जिले में चल रहे फर्जी कॉल सेंटरों की लगतार जानकारी इकट्ठा कर रही थी। जो ग्राहकों से ठगी को अंजाम देते हैं। 26 जुलाई को नार्थ रोहिणी पुलिस को रोहिणी सेक्टर 8 में एक फर्जी कॉल सेंटर चलने की सूचना मिली। सूचना को पुख्ता करने के बाद पुलिस टीम ने उक्त कॉल सेंटर पर छापा मारा। जहां पांच महिलाएं ग्राहकों से फोन पर बात कर उसे ठगने की कोशिश कर रही थी।
पुलिस ने सेंटर से पांच महिलाओं समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह तमिलनाडु के स्नैपडील के ग्राहकों के डाटा इकट्ठा करते थे। फिर स्नैपडील का कर्मचारी बताकर उनको फोन कर उनसे बात करते थे।