वैक्सीन लगवाने के लिए युवाओं में उत्साह
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली में वैक्सीन लेने के लिए युवाओं में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। स्थिति यह है कि युवा बढ़चढ़कर वैक्सीन के लिए पंजीयन करा रहे हैं। कोविन वेबसाइट के ही अनुसार अगले दो दिन तक युवाओं ने सभी स्लॉट बुक कर लिए हैं। यानि कि सोमवार को अगर किसी ने पंजीयन कराया है तो उसे पांच मई के बाद का अपॉइनमेंट मिल रहा है।
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी कहा कि दिल्ली में एक दिन में 45 हजार युवाओं को वैक्सीन देने की क्षमता है लेकिन पंजीयन अधिक होने की वजह से अगले दो दिन के सभी स्लॉट बुक हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि अब तक दिल्ली में 33 लाख लोगों को वैक्सीन मिला है जिनमें से सात लाख लोग दोनों डोज लेकर कोविड सुरक्षा कवच धारण कर चुके हैं।
18 से 44 वर्ष की आयु की कुल आबादी 92 लाख के आसपास है। ऐसे में दिल्ली सरकार जल्द से जल्द इन लोगों को वैक्सीन देने में जुट गई है। आबादी बड़ी होने की वजह से ही टीकाकरण केंद्रों की संख्या तीन हजार तक ले जाने का फैसला लिया।
दिल्ली सरकार के अनुसार 45 वर्ष या उससे अधिक आयु के 60 हजार लोगों को प्रतिदिन वैक्सीन देने की क्षमता विकसित कर ली गई है। जबकि 45 हजार युवाओं को वैक्सीन देने की क्षमता अलग है।