नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के वर्चुअल मॉडल स्कूल के लिए शिक्षा निदेशालय ने शिक्षकों की भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं। शिक्षा निदेशालय से संबंधित स्कूलों में कार्यरत शिक्षक इन पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं।
निदेशालय के अनुसार इच्छुक अभ्यर्थी नियमित और अतिथि शिक्षक पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें शिक्षा निदेशालय की वेबसाइट पर 20 जनवरी तक आनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने पर शिक्षकों का चयन दो चरण में किया जाएगा। इस प्रक्रिया के दौरान निदेशालय द्वारा सभी प्राप्त आवेदनों की जांच की जाएगी और शार्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए बुलाया जाएगा। साथ ही दिल्ली वर्चुअल माडल स्कूल की टीम द्वारा एक वेबिनार भी आयोजित की जाएगा। इसमें दिल्ली वर्चुअल माडल स्कूल के लिए शिक्षकों के नियम और जिम्मेदारियां बताने के साथ आवेदन प्रक्रिया में सहायता भी दी जाएगी।
वहीं, निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि शैक्षणिक सत्र 2022-23 में 9वीं से 12वीं तक के छात्रों के लिए ही कक्षाएं शुरू की जाएंगी। कक्षाओं का संचालन अंग्रेजी और हिंदी माध्यम में किया जाएगा। इसमें शिक्षक लाइव कक्षा और शिक्षण सत्र छोटे दल के साथ लेंगे। इसके लिए लाजपत नगर स्थित शहीद हेमू कालोनी सर्वोदय बाल विद्यालय में डिजिटल स्टूडियो भी बनाया जाएगा।