दिल्ली विश्वविद्यालय ने नॉन कॉलेजिऐट वीमेंस एजुकेशन बोर्ड (एनसीवेब) में दाखिले के लिए स्पेशल कटऑफ जारी कर दी है। इसके आधार पर छात्र 26 नवंबर सुबह दस बजे से 27 नवंबर रात 11 बजकर 59 मिनट तक दाखिले के लिए आवेदन कर सकते हैं। दाखिले के लिए केवल दो दिन ही मिलेंगे।
इस स्पेशल कटऑफ में केवल वह ही छात्र दाखिले के योग्य होंगे, जो एनसीवेब की पहली, दूसरी, तीसरी कटऑफ में दाखिला नहीं ले सके या उनका दाखिला नहीं हुआ। इस कटऑफ के आधार पर छात्र 30 नवंबर तक फीस का भुगतान कर सकेंगे। कॉलेज सेंटर उनका दाखिला 29 नवंबर शाम पांच बजे तक मंजूर करेंगेे। इस कटऑफ के दाखिले के बाद चौथी कटऑफ दो दिसंबर को जारी होगी।
बीकॉम की कटऑफ सबसे अधिक : बीकॉम में सर्वाधिक कटऑफ दीनदयाल उपाध्याय, मैत्रेयी कॉलेज, व श्रीगुरु गोबिंद सिंह कॉलेज ऑफ कॉमर्स ने सामान्य श्रेणी के लिए 76 फीसदी व उससे अधिक की कटऑफ निकाली है। इस तरह इन कॉलेजों में 76 फीसदी से अधिक वालों को दाखिला मिलेगा।
इसके बाद 74 फीसदी व उससे अधिक अंक वालों का दाखिला श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज, विवेकानंद कॉलेज, राजधानी कॉलेज, माता सुंदरी कॉलेज, लक्ष्मीबाई कॉलेज, जानकी देवी मेमोरियल कॉलेज व भारती कॉलेज में होगा। बीकॉम के लिए हंसराज, मिरांडा, जीसस एंड मैरी कॉलेज व महाराजा अग्रसेन कॉलेज में पहले ही दाखिले बंद हो चुके हैं।
इस कोर्स के लिए न्यूनतम कटऑफ अदिति महाविद्यालय व भगिनी निवेदिता कॉलेज ने 69 फीसदी निकाली है। दिव्यांग श्रेणी के छात्रों का दाखिला इस कोर्स में सभी कॉलेजों में 50 फीसदी व उससे अधिक अंक वालों का होगा। जबकि ईडब्लयूएस श्रेणी के लिए कटऑफ 83 से 65 फीसदी, ओबीसी के लिए 82 से 64 फीसदी, एससी के लिए 81 से 63 फीसदी व एसटी श्रेणी के लिए कटऑफ सभी सेंटरों पर 50 फीसदी व उससे अधिक है।
बीए प्रोग्राम के लिए 77 फीसदी कटऑफ : बीए प्रोग्राम इतिहास-राजनीति शास्त्र कॉम्बिनेशन के लिए सबसे अधिक कटऑफ जीसस एंड मैरी कॉलेज की 77 फीसदी व उससे अधिक है। जानकी देवी कॉलेज की कटऑफ 76 फीसदी व उससे अधिक है।
बीए ऑनर्स अर्थशास्त्र-राजनीति विज्ञान कॉम्बिनेशन के लिए 26 कॉलेज सेंटरों में से 10 कॉलेजों में दाखिले सामान्य श्रेणी के लिए बंद हो गए हैं। इस कोर्स के लिए सबसे अधिक कटऑफ 77 फीसदी व उससे अधिक श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज की है। जीसस एंड मैरी कॉलेज में 76 फीसदी व उससे अधिक अंक वालों का दाखिला होगा।