फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मिशन एडमिशन : डीयू में तीसरी कटऑफ के लिए आज से दाखिले शुरू, कोर्स व कॉलेज बदलने के इस बार बेहतर अवसर

Mon, 18 Oct 2021 06:09 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

सार

इस बार छात्रों को दाखिले के लिए मिल रहे हैं चार दिन। 23 अक्तूबर तक जमा करानी होगी दाखिले की फीस। 
विज्ञापन
Delhi university
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के स्नातक पाठयक्रमों के लिए जारी तीसरी कटऑफ के तहत आज से दाखिला प्रक्रिया शुरू होगी। छात्र सुबह आठ बजे से लेकर रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। खास बात यह है कि इस बार छात्रों को दाखिले के आवेदन के लिए चार दिन अवसर मिलेगा। इससे पहले छात्रों को कटऑफ के लिए केवल तीन दिन ही मिला करते थे। 

विज्ञापन


डीयू की ओर से शनिवार को तीसरी कटऑफ जारी की गई है। इसके तहत कई नामी कॉलेजों में बीकॉम, बीकॉम ऑनर्स व ईकोनॉमिक्स में कटऑफ ऊंची है। वहीं, राजनीति विज्ञान, अंग्रेजी, भूगोल और इतिहास में सीटें कम होने की वजह से दाखिले के अवसर कम हो गए हैं। दाखिले को लेकर सोमवार से प्रक्रिया शुरू होगी। इसके तहत छात्र 18 अक्तूबर से लेकर 21 अक्तूबर तक आवेदन कर सकते हैं।

वहीं, कॉलेजों को 22 अक्तूबर शाम पांच बजे तक योग्य छात्रों के दाखिले को मंजूर करना होगा। कटऑफ के तहत छात्रों को 23 अक्तूबर शाम पांच बजे तक फीस जमा करानी होगी। फीस जमा करने पर ही छात्रों की कॉलेज में सीट पक्की होगी अन्यथा छात्रों के पास इस कटऑफ में दाखिले का अवसर नहीं होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन की छात्रों को राय है कि इस कटऑफ में ही दाखिले की सीट पक्की करा लें, अगली कटऑफ का इंतजार न करें। क्योंकि, आने वाली कटऑफ में उच्च अंक वाले छात्रों के लिए दाखिले के अवसर नहीं रहेंगे। 
विज्ञापन


कोर्स और कॉलेज बदलने का भी बेहतर अवसर
आज से शुरू हो रही दाखिला प्रक्रिया के तहत छात्रों के पास कोर्स और कॉलेज को बदलने का भी बेहतर अवसर है। क्योंकि, इससे बाद अमूमन सभी कॉलेजों की प्रमुख कोर्स में सीटें पूरी तरह से भर जाएंगी। इससे प्रतिष्ठित कॉलेज में मनपसंद कोर्स में दाखिला लेने का इच्छा अधूरी रह सकती है। छात्रों को कोर्स व कॉलेज बदलने के लिए दूसरी कटऑफ से दाखिले को निरस्त कराना होगा। इसके लिए एक हजार रुपये का शुल्क लगेगा।

दाखिला निरस्त कराने के बाद छात्र तीसरी कटऑफ में नए सिरे से आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, छात्रों को यह सुनिश्चित करना होगा कि दूसरी कटऑफ में उनका दाखिला निरस्त हो गया है। क्योंकि, दूसरी कटऑफ से बिना दाखिला निरस्त हुए छात्रों को तीसरी कटऑफ में दाखिला नहीं मिलेगा। छात्रों को तीसरी कटऑफ में यह देखना होगा कि कौन से कॉलेज और कोर्स में उनके लिए बेहतर संभावनाएं बन रही हैं।

25 अक्तूबर को जारी होगी स्पेशल कटऑफ
तीसरी कटऑफ के दाखिले के बाद आगामी 25 अक्तूबर को स्पेशल कटऑफ की घोषणा की जाएगी। इसके लिए दाखिला प्रक्रिया 26 अक्तूबर से लेकर 29 अक्तूबर तक चलेगी। इस कटऑफ के तहत दाखिला लेने के लिए सिर्फ दो दिन रहेंगे। वहीं, 29 अक्तूबर तक छात्र फीस जमा करा सकते हैं। हालांकि, यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि इस कटऑफ में केवल उन्हीं छात्रों को ही दाखिला दिया जाएगा जिनका शुरुआती तीन कटऑफ में कहीं भी दाखिला नहीं हुआ है। साथ ही कटऑफ में भी अधिक बदलाव की संभावना नहीं है। इसकी कटऑफ तीसरी कटऑफ के आसपास ही रहेगी। 

विज्ञापन

हिंदी और संस्कृत विषय से सच होगा डीयू में पढ़ने का सपना

यदि किसी कारण से आपके 12वीं कक्षा में बेहतर अंक नहीं आए हैं। लेकिन, आपका सपना दिल्ली विश्वविद्यालय(डीयू) से स्नातक करने का है तो हिंदी और संस्कृत विषय की राह डीयू तक पहुंचा सकती है। इन विषयों के लिए डीयू के विभिन्न कॉलेजों में दाखिले के अवसर हैं। ऐसे में कम अंक वाले सभी श्रेणियों के छात्र दाखिले लेकर डीयू में पढ़ने का सपना पूरा कर सकते हैं। 

डीयू के अदिती महाविद्यालय में बीए ऑनर्स हिंदी पत्रकारिता में सामान्य वर्ग के लिए 69 फीसदी व ओबीसी के लिए 67 फीसदी कटऑफ है। वहीं, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 68 फीसदी कटऑफ है। बीए ऑनर्स हिंदी में भारती कॉलेज में ओबीसी के लिए 75 फीसदी, अनुसूचित जनजाति के लिए 68 फीसदी कटऑफ है। दौलत राम कॉलेज में ओबीसी के लिए 78 फीसदी, अनुसूचित जाति के लिए 78 व अनुसूचित जनजाति के लिए 76 फीसदी कटऑफ है। डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज में सामान्य वर्ग के लिए 84 फीसदी, ओबीसी के लिए 78 फीसदी, अनुसूचित जनजाति के लिए 65 फीसदी, अनुसूचित जाति के लिए 74 फीसदी कटऑफ है। मोतीलाल नेहरू कॉलेज में ओबीसी के लिए 74.75 फीसदी कटऑफ है। 

बीए ऑनर्स संस्कृत पाठयक्रम के लिए भारती कॉलेज में सामान्य वर्ग के लिए 55 फीसदी, ओबीसी के लिए 53 फीसदी, दौलत राम कॉलेज में ओबीसी वर्ग के लिए 58 फीसदी, अनुसूचित जाति व अनुसूचित
जनजाति के लिए 56 फीसदी कटऑफ है। देशबंधु कॉलेज में ओबीसी के लिए 61 फीसदी व पीडब्ल्यूडी वर्ग के लिए 45 फीसदी कटऑफ है। इसके अलावा गार्गी कॉलेज में सामान्य वर्ग के लिए 66.50 फीसदी,
ओबीसी के लिए 63.5 फीसदी, आईपी कॉलेज में सामान्य वर्ग के लिए 60 फीसदी, ओबीसी वर्ग के लिए 55 फीसदी, जानकी देवी कॉलेजे में सामान्य वर्ग के लिए 45 फीसदी, ओबीसी के लिए 45 फीसदी कटऑफ है। लक्ष्मीबाई कॉलेज में सामान्य वर्ग के लिए 50 फीसदी व ओबीसी  के लिए 49 फीसदी कटऑफ है। मोतीलाल नेहरू कॉलेज में सामान्य वर्ग के लिए 60 फीसदी व ओबीसी के लिए 56 फीसदी कटऑफ है। वहीं, पीजीडीएवी कॉलेज में सामान्य वर्ग के लिए 54 फीसदी व ओबीसी के लिए 51 फीसदी कटऑफ है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें