नई दिल्ली। तिहाड़ जेल के 100 से ज्यादा अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई चल रही है। चंद्रा बंधुओं और सुकेश चंद्रशेखर को जेल में गैर-कानूनी तरीके से सुविधाएं उपलब्ध करवाने और अंकित गुर्जर की जेल में मौत के बाद इन अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इनमें से 50 से अधिक को निलंबित किया जा चुका है।
जेल सूत्रों के मुताबिक, अभी जेल में 106 अधिकारियों व कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा रही है। चंद्रा बंधुओं को जेल में गैर-कानूनी तरीके से सुविधाएं देने के मामले में शामिल करीब 30 अधिकारी और कर्मियों को निलंबित किया गया हैै। इसके अलावा सुकेश मामले में भी दस को निलंबित किया गया है। इन दोनों ही मामलों में अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ मामले भी दर्ज किए हैं। जेल में बंद अंकित गुर्जर की मौत के बाद भी इस मामले में करीब पांच अधिकारियों और कर्मियों की लापरवाही सामने आई थी, जिन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था।
सूत्रों का कहना है कि अब तक 35 जेलकर्मियों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा जिन अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय जांच चल रही है, उन्हें जेल मुख्यालय से जोड़ दिया गया है, ताकि वह वरिष्ठ अधिकारियों की निगाह में रहें।