उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में पत्नी की सहेली की हत्या करने वाले आरोपी युवक को पुलिस ने जयपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अमन सिंह बिष्ट (26) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। 24 वर्षीय युवती सपना (बदला हुआ नाम) की हत्या करने के बाद अमन ने उसके शव के साथ संबंध बनाए थे।
वारदात के बाद आरोपी उसको अर्धनग्न अवस्था में अपने ही बेडरूम में छोड़कर फरार हो गया था। कुछ देर बाद जब अमन की पत्नी प्रियंका रावत घर पहुंची तो उसने सपना को अपने कमरे में मृत पाया। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी थी।
हालांकि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी ने मृतका के साथ संबंध बनाए या नहीं इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद हो पाएगा। अगले ही माह सपना की शादी होने वाली थी। उसके पिता शादी के कार्ड बांटने गांव गए हुए थे। पुलिस आरोपी अमन से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक अमन अपने परिवार के साथ बी-ब्लॉक, कौशिक एंक्लेव, बुराड़ी में रहता है। करीब दो साल पहले उसकी शादी प्रियंका रावत से हुई थी। अमन, प्रियंका और सपना तीनों स्कूल में एक ही क्लास में पढ़े थे। तीनों एक दूसरे के दोस्त थे। अमन कॉल सेंटर में काम करता था जबकि उसकी पत्नी एक निजी कंपनी में नौकरी कर रही थी।