जंतर-मंतर पर धरना देते यूपीएससी प्रतियोगी
- फोटो : ANI
संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के प्रतियोगी एक और अटेम्प्ट देने की मांग करते हुए जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं। उनका कहना है कि 2020 में उनका आखिरी चांस था लेकिन तब कोरोना की वजह से वे तैयारी नहीं कर सके और उन्होंने तब परीक्षा में नहीं बैठने का फैसला किया था।
एक प्रतियोगी अभिषेक सिन्हा ने बताया, ''कोरोना के कारण पढ़ाई प्रभावित होने और डिजिटल डिवाइड के कारण हम उस परीक्षा में शामिल नहीं हो सके। वह हमारा अंतिम प्रयास था। हमें एक और मौका मिलना चाहिए।''
एक अन्य प्रतिभागी बिहार निवासी गौरव ने कहा, ''मैं यूपीएससी की तैयारी कर रहा था और 2020 में मेरा अंतिम प्रयास था। कोरोना काल में मेरे पिता की निधन हो गया। मैं परीक्षा के लिए मानसिक रूप से तैयार नहीं था। जब परिणाम आया तो उसमें मैं उत्तीर्ण नहीं हुआ। सरकार को हमें एक और मौका देना चाहिए।''