द्वारका जिला की वाहन चोरी निरोधक शाखा ने दिल्ली व एनसीआर में झपटमारी करने वाले एक बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लगी है। गिरफ्तार बदमाश पर 36 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसके कब्जे से पिस्टल, दो कारतूस और एक बाइक बरामद की है।
जिला पुलिस उपायुक्त शंकर चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश की पहचान जहांगीरपुरी निवासी अरमान के रूप में हुई है। वह बाहरी उत्तरी जिला का घोषित बदमाश है। झपटमारी और बाहर चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस को बदमाशों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए थे। पुलिस टीम ने झपटमारी की वारदातों की जांच के दौरान घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला। 13 नवंबर को द्वारका सेक्टर 13 मेट्रो स्टेशन से वेगास मॉल की ओर जाने वाले सुनसान रास्ते पर पुलिसकर्मियों को सादी वर्दी में तैनात किया गया।
महिला एसआई सरोज भी सार्दी वर्दी में सोने की चेन पहनकर रास्ते में खड़ी थी। रात करीब पौने नौ बजे बाइक सवार एक बदमाश वहां आया और महिला एसआई से चेन झपटने का प्रयास किया। महिला पुलिसकर्मी के विरोध करने अन्य पुलिसकर्मी वहां पहुंच गए। पुलिसकर्मियों को देखकर बदमाश बाइक से भागने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान उसकी बाइक फिसल गई और वह गिर गया। पुलिसकर्मियों ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा लेकिन बदमाश ने पुलिस टीम पर तीन गोली चला दीं। एक गोली सिपाही संदीप के बुलेट प्रूफ जैकेट में लगी। इसके बाद महिला एसआइ व संदीप ने जवाबी फायरिंग की। एक गोली बदमाश के पैर में लगी और वह गिर गया। पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़कर अस्पताल पहुंचाया।
जांच के बाद पुलिस ने बताया कि अरमान नौवीं तक पढ़ा है। गलत संगत में आकर वह शराब पीने का आदी हो गया और कीमती कपड़े पहने का शौक हो गया। अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए वह वारदातों को अंजाम देने लगा।