डीएसजीएमसी के चुनावों में सिरसा शिरोमणि अकाली दल के उम्मीदवार के रूप में पंजाबी बाग सीट से चुनाव हार गए थे। हालांकि, उनकी पार्टी ने 46 में से 27 सीटें जीतकर चुनाव जीत लिया था।
भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बने रहेंगे। उन्होंने अध्यक्ष पद से दिए अपने इस्तीफे को वापस ले लिया है और उन्होंने निर्णय लिया है कि वह पहले की ही तरह डीएसजीएमसी का सारा कार्यभार संभालते रहेंगे।
विज्ञापन
इस साल अगस्त में हुए डीएसजीएमसी के चुनावों में सिरसा शिरोमणि अकाली दल के उम्मीदवार के रूप में पंजाबी बाग सीट से चुनाव हार गए थे। हालांकि, उनकी पार्टी ने 46 में से 27 सीटें जीतकर चुनाव जीत लिया था। बाद में सिरसा शिरोमणि अकाली दल छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। उन्होंने डीएसजीएमसी अध्यक्ष के पद से भी इस्तीफा दे दिया था।
शुक्रवार को सिरसा के नाम से जारी डीएसजीएमसी कार्यालय के एक आदेश में बताया गया कि प्रशासनिक व्यवस्था को बनाए रखने, डीएसजीएमसी और उसके दूसरे संस्थानों के कर्मचारियों के वेतन और बोनस का भुगतान कराने और डीएसजीएमसी द्वारा संचालित बाला साहिब अस्पताल में कोविड की तीसरी लहर से निपटने संबंधित तैयारियां कराने जैसे कारणों को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्रभाव से उन्होंने अपना इस्तीफा वापस लेने का फैसला लिया है। डीएसजीएमसी की नई प्रबंधन समिति के गठन तक वह अध्यक्ष के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहेंगे।
विज्ञापन
मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि अगले साल जनवरी में होने वाले चुनाव में नया अध्यक्ष चुने जाने तक वह इस पद पर बने रहेंगे। उन्होंने साफ किया कि उनके इस्तीफे को तकनीकी और कानूनी मुद्दों के कारण अस्वीकार किया गया था।