नई दिल्ली। धनतेरस को लेकर दिल्ली के बर्तन बाजार में रौनक बढ़ गई है। नए बर्तन घर लाने की होड़ सदर बाजार के डिप्टी गंज में दिख रही है। स्टेनलेस स्टील से भी ज्यादा चमक इस स्टील मार्केट में है। क्राकरी, पीतल, लेजर कटिंग स्टील के बर्तन की खरीदारी भी जोरों पर है। हालांकि, व्यापारियों की का कहना है कि ग्राहक छोटे सामान ले रहे है। क्योंकि, स्टील 40 प्रतिशत महंगा हो गया है। इससे बर्तन के सभी आइटम महंगे हो गए हैं।
इन दिनों दिल्ली का डिप्टी गंज, करोल बाग, लाजपतनगर, शाहदरा, वजीरपुर समेत सभी इलाकों के बर्तन की दुकान स्टील, पीतल, एल्यूमीनियम के बर्तनों की वैरायटी से भरी हुई हैं। महंगाई के बावजूद लोगों की भीड़ है। कोई बर्तन सेट खरीद रहा है तो कोई कसीदे वाला शर्बत सेट खरीदने में जुटा है। पीतल, कांसे के बर्तन भी खरीदे जा रहे हैं। दुकानदारों ने भी धनतेरस को लेकर जमकर तैयारी की है।
डिप्टी गंज स्टेनलेस स्टील ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सुधीर कुमार जैन का कहना है कि बर्तन की खरीदारी जोरों पर है, लेकिन ज्यादातर लोग हल्के समान ही खरीद रहे हैं। चीन निर्मित स्टील के सामान इस बार ज्यादा नहीं हैं। वह देखने में तो आकर्षक होते हैं, लेकिन टिकाऊ नहीं हैं। लिहाजा, भारतीय कंपनियों द्वारा निर्मित स्टील पर ज्यादा जोर है।
ज्यादा लुभा रही है रंग-बिरंगी स्टेनलेस स्टील
रंग-बिरंगी स्टेनलेस स्टील के बर्तन बाजार में खासे लुभा रहे हैं। ग्राहक नक्काशी वाले बर्तन को बतौर गिफ्ट आइटम के रूप में खरीद रहे हैं। लेजर कटिंग वाले स्टील के बर्तन देखने में चमकदार और सुंदर भी होते हैं। गिफ्ट आइटम के लिए लेजर कटिंग बर्तन की खरीदारी ज्यादा हो रही है। बर्तन बाजार में इन दिनों लंच सेट 200-500 रुपये, 31 बर्तन का सेट 1000 से 5000 रुपये तक बिक रहा है। डिप्टी गंज मार्केट में बर्तन सेट 2 हजार से 10 हजार रुपये तक हैं। नक्काशी वाले और कलरफुल स्टेनलेस वाले बर्तन सेट 4000 से 20 हजार रुपये तक हैं।
महंगाई 40 प्रतिशत तक बढ़ी
महंगाई की मार इस बार धनतेरस पर साफ झलक रही है। देश में निर्मित स्टील के सामान पर 40 प्रतिशत तक महंगाई बढ़ गई है। सुधीर कुमार जैन का कहना है कि पिछले साल की अपेक्षा इस बार बाजार तो बेहतर है, लेकिन कम मात्रा में खरीदारी हो रही है। लॉकडाउन के बाद स्टील के साथ तांबा 50 प्रतिशत महंगा हुआ है तो एल्यूमीनियम 40 प्रतिशत। ऐसे में बर्तन पहले के मुताबिक काफी महंगो हो गए हैं।
फ्यूजन वाले बर्तनों की ज्यादा मांग
बाजार में फ्यूजन वाले बर्तन ज्यादा आकर्षित कर रहे हैं। तांबा, पीतल, स्टील, एल्यूमीनियम मिक्स बर्तन ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं। इस तरह के बर्तन की खासियत यह है कि नीचे का भाग पीतल या तांबा का है और ऊपरी भाग स्टील का है। एक वजह यह भी है कि खाना पकाने का काम पीतल के हिस्से में हो जाता है और ऊपरी आवरण स्टील का चमकदार रहता है।
फेडरेशन ऑफ ट्रेड एसोसिएशन ऑफ दिल्ली के अध्यक्ष अजय अरोड़ा का कहना है कि महंगाई की मार इस साल ज्यादा है। अन्य राज्यों से आने वाले व्यापारियों की संख्या भी पहले से कम हुई है। धनतेरस के दिन ग्राहकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। करोल बाग स्थित गफ्फार मार्केट के सतेंद्र सिंह का कहना है कि क्रॉकरी की खरीदारी में 40 प्रतिशत तक कमी है। चीन से भी इस साल सामान नहीं आया है। महंगाई की वजह से लोग दूरी बना रहे हैं।