दिल्ली सरकार राजधानी में आवाजाही सुगम बनाने के लिए तीन बड़े प्रोजेक्ट पर काम कर रही है। इसके तहत दिल्ली की सभी दिशाओं की आवाजाही सिग्नल फ्री करने की योजना है। ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर से टीकरी बॉर्डर को आनंद विहार से एलिवेटेड रोड व टनल के माध्यम से जोड़ा जाएगा। वहीं, नार्थ-साउथ कॉरीडोर सिग्नेचर ब्रिज को आईजीआई एयरपोर्ट से जुड़ेगा। इस प्रोजेक्ट में भी टनल व एलिवेटेड रोड बनाने की योजना है।
दूसरी तरफ सिग्नेचर ब्रिज से यमुना के साथ-साथ सराय काले खां तक एलिवेटेड कॉरिडोर तैयार होगा। दिल्ली विधानसभा में बजट पेश करते हुए उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बताया कि तीनों प्रोजेक्ट फिलहाल यूटीपैक में विचाराधीन हैं। मंजूरी मिलने के बाद इन पर काम किया जाएगा।
दूसरी तरफ दिल्ली सरकार सड़कों के मौजूदा ढांचे का बेहतर करने की योजना पर काम कर रही है। इसके तहत करीब 500 किलोमीटर लंबी सड़कों को री-डिजाइन किया जाना है। इसमें जरूरत के हिसाब से सड़कों की ढांचे में बदलाव के साथ फुटपाथ, सेंट्रल वर्ज, हरित क्षेत्र आदि विकसित किया जाएगा। इसके लिए 500 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रस्ताव रखा है। इससे भी दिल्ली की आवाजाही बेहतर होगी और जाम के प्वाइंट को खत्म करने में मदद मिलेगी।
सीसीटीवी पर खर्च होंगे 200 करोड़
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले बजट में रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन और मार्केट एसोसिएशन में 1.40 लाख कैमरे लगाने की घोषणा की थी। इसमें से करीब 1.32 लाख सीसीटीवी कैमरे लग चुके हैं। इसके कमांड कंट्रोल सेंटर (सीसीसी) लगाए जा चुके हैं। सरकार ने बाकी कैमरों को लगाने के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रस्ताव किया है। दिल्ली में 7 हजार हॉट-स्पॉट लगाने का काम पूरा हो चुका है। लोगों को नि:शुल्क वाई-फाई भी मिल रहा है।
आश्रम चौक अंडरपास का काम जून तक होगा पूरा
जून तक आश्रम चौक अंडरपास निर्माण का कार्य पूरा हो जाएगा। इससे मथुरा रोड पर निजामुद्दीन से बदरपुर बॉर्डर तक और दूसरी तरफ आश्रम क्रासिंग पर यातायात सुगम हो जाएगा। सरकार ने इस काम पर खर्च करने के लिए 53 करोड़ रुपये प्रस्तावित किए हैं।
साल के अंत तक आश्रम फ्लाईओवर-डीएनडी विस्तार
दिसंबर तक आश्रम फ्लाईओवर के डीएनडी तक विस्तार का काम भी पूरा हो जाएगा। यहां फ्लाईओवर, सब-वे बनने से नोएडा-लाजपत नगर व आईटीओ-लाजपत नगर तक आवागमन सुगम हो जाएगा। सरकार ने इस परियोजना पर 50 करोड़ रुपये प्रस्तावित किए हैं।
दो अंडरपास, आरओबी, आरयूबी का निर्माण भी इसी साल
वजीराबाद से आजादपुर के बीच वाहनों के लिए दो अंडरपास, आउटर रिंग रोड पर गांधी विहार के निकट एक पैदल पार पथ और बसईदारापुर में नजफगढ़ नाले पर पुल का निर्माण इस साल मई तक पूरा हो जाएगा। इसी साल पंजाबी बाग फ्लाईओवर से राजा गार्डन, ज्वालाहेड़ी मार्केट रेड लाइट से ज्वालापुरी रेड लाइट तक एकीकृत ट्रांजिट कॉरिडोर, मुकरबा चौक पर भीड़ कम करने की योजना, बुराड़ी मेन रोड व खेड़ा कलां से खेड़ा खुर्द तक आरओबी और आरयूबी बनाने की योजना है।