फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मौसम अपडेट: बीते 10 वर्षों में सबसे गर्म रही दिल्ली, गुरुवार के बाद सप्ताह भर बारिश की संभावना

Tue, 17 Aug 2021 09:52 PM IST
प्राची प्रियम अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली

सार

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर का मौसम गुरुवार से करवट लेगा। इसके बाद सप्ताह भर बारिश की संभावना है। वहीं, अगले 24 घंटों में मौसम में कोई बदलाव की उम्मीद नहीं है।
 
विज्ञापन
दिल्ली का मौसम - फोटो : सुदर्शन झा
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली-एनसीआर में गर्मी एक बार फिर रिकॉर्ड बनाने की राह पर है। इस कड़ी में मंगलवार का दिन 38 डिग्री सेल्सियस के साथ बीते 10 सालों में सबसे गर्म दर्ज किया गया। इससे पहले वर्ष 2011 में अधिकतम पारा 28 डिग्री सेल्सियस रहा था। अगले 24 घंटों में भी मौसम में बदलाव होने की संभावना नहीं है। अधिकतम के साथ न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक दर्ज किया जाएगा। उम्मीद है कि गुरुवार से दिल्ली-एनसीआर का मौसम करवट ले सकता है।
विज्ञापन


मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार की सुबह से ही सूरज के कड़े तेवर देखने को मिले। दोपहर के समय चिलचिलाती धूप से लोगों का बुरा हाल रहा। अधिक धूप होने की वजह से घरों से बाहर निकले लोग छांव का सहारा ले रहे थे। वहीं, धूप ढलने के बाद भी उमस भरी गर्मी ने मुश्किलें बनाए रखी। इससे राहत पाने के लिए लोग शीतल पेय पदार्थों का सहारा लेते दिखे। 

प्रादेशिक मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से चार अधिक 38 व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक अधिक 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते 24 घंटे में हवा में नमी का अधिकतम स्तर 83 फीसदी व न्यूनतम 46 फीसदी रहा। नमी का स्तर अधिक होने की वजह से पसीने और चिपचिपी वाली गर्मी का अहसास बना रहा। 
विज्ञापन


दिल्ली के विभिन्न इलाकों की बात करें तो अमूमन सभी मानक केंद्रों पर अधिकतम पारा 35 से अधिक दर्ज किया गया। पालम में अधिकतम तापमान 38, लोदी रोड में 37.9, रिज में 37, आया नगर में 37.6, गुरुग्राम में 37.8, गाजियाबाद में 36.3, नजफगढ़ में 38.8 डिग्री सेल्सियस व स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में सबसे अधिक 39.1 डिग्री सेल्सियस पारा रहा। 
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों में मौसम के बदलने के आसार नहीं हैं। 

लेकिन, गुरुवार से मौसम करवट लेगा और दिल्ली-एनसीआर में बारिश की संभावना है। विभाग ने 19 अगस्त के लिए यलो व 20 अगस्त के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सप्ताह भर तक बारिश की संभावना के साथ पारे में भी कमी आने की उम्मीद है। 
विज्ञापन

औसत श्रेणी में रही दिल्ली-एनसीआर की हवा

दिल्ली-एनसीआर की हवा मंगलवार को औसत श्रेणी में दर्ज की गई है। सबसे खराब हवा का स्तर ग्रेटर नोएडा में 189 एक्यूआई के साथ रहा है। अगले 24 घंटों में भी हवा की गुणवत्ता में बदलाव की संभावना नहीं है। 

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड(सीपीसीबी) के मुताबिक, मंगलवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 150 रहा। फरीदाबाद का 180, गाजियाबाद का 171, गुरुग्राम का 118 व नोएडा का 153 एक्यूआई रहा। 

सफर इंडिया के मुताबिक, अगले तीन दिनों तक वायु गुणवत्ता में बदलाव की संभावना नहीं है। पश्चिम दिशा से चल रही धूल भरी हवाएं व सड़कों से उड़ रही धूल की वजह से हवा में प्रदूषण बढ़ रहा है। इस कड़ी में हवा में पीएम 10 का स्तर 80 फीसदी तक दर्ज किया जा रहा है। पिछले 24 घंटों में हवा में पीएम 10 का स्तर 150 व पीएम 2.5 का स्तर 48 माइक्रोग्राम प्रतिघन मीटर रहा। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें