अलीपुर इलाके में तेज रफ्तार ईको वैन ने एक बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। घटना में बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका बाबू जगजीवन राम अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के समय महिला अपने बेटे के साथ शालीमार बाग स्थित कार्यालय आ रही थी। पुलिस ने कार को जब्त कर उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
मृत महिला की शिनाख्त गांव अकबरपुर माजरा बारोटा सोनीपत हरियाणा निवासी भतेरी देवी (53) के रूप में हुई है। जबकि घायल युवक की पहचान अजीत कुमार (32) के रूप में हुई है। भतेरी देवी एमसीडी में कार्यरत थीं। गुरुवार सुबह अजीत अपनी मां को लेकर बाइक से कार्यालय जा रहा था। खामपुर लालबत्ती के पास पीछे से आ रही ईको वैन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों मां बेटे वैन के नीचे आकर घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मां-बेटे को बाबू जगजीवन राम अस्पताल में भर्ती कराया। जहां भतेरी देवी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अजीत के बयान पर लापरवाही से वाहन चलाने से हुई मौत का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस मामले पर कार्रवाई करते हुए वैन चालक प्रताप नगर निवासी प्रिंस गुलाटी को गिरफ्तार कर लिया।