आर्थिक अपराध शाखा ने 2397 करोड रुपये के सार्वजनिक धन को हथियाने के आरोप में रेलिगेयर एंटरप्राइजेज लिमिटेड के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) को रोहिणी से गिरफ्तार किया है।
शाखा के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आर के सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान गायत्री अपार्टमेंट रोहिणी सेक्टर नौ निवासी कृष्णन सुब्रमण्यम के रूप में हुई है। वर्ष 2019 में रेलिगेयर फिनवेस्ट लिमिटेड(आरएफएल) के वरिष्ठ प्रबंधक मनप्रीत सिंह सूरी ने प्रमोटर मालविंदर मोहन सिंह, शिविंदर मोहन सिंह, सुनील गोधवानी और अन्य के खिलाफ साजिश कर कंपनी के 2397 करोड रुपये को हथियाने की शिकायत की।
जिसमें बताया कि कथित व्यक्तियों ने बिना वित्तीय कंपनियों को ऋण देकर रेलिगेयर फिनवेस्ट लिमिटेड को खराब वित्तीय स्थिति में डाल दिया। इन कंपनियों ने जान बुझकर पैसे वापस न कर कंपनी को 2397 करोड का नुकसान पहुंचाया। इस बात का खुलासा तब हुआ जब आरबीआई और सेबी ने कंपनियों का ऑडिट किया।
वर्ष 2017-18 के दौरान आरोपी कृष्णन सुब्रमण्यम समूह मुख्य कार्यकारी अधिकारी था। उसने असोला के तीन कंपनियों मेसर्स बेस्ट हेल्थ मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स विटोबा रियल्टर्स प्राइवेट लिमिटेड और देवेरा डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड को एग्रीमेंट और संपत्ति के दस्तावेजों के तहत 115 करोड रुपये का ऋण स्वीकृत किया। जमीन को आरएफएल के पास सुरक्षा के तौर पर रखा गया।