दिवाली पर बाजारों में भीड़ और कोविड नियमों की अनदेखी से राजधानी में लगातार दूसरे दिन कोरोना संक्रमण के केस बढ़े हैं। दो दिन में ही कोरोना के मामले 18 से बढ़कर 41 हो चुके हैं यानी दोगुना से अधिक बढ़ोतरी हुई है।
बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि पिछले एक दिन में 41 लोग कोरोना संक्त्रस्मित हुए हैं, जबकि 30 मरीजों को स्वस्थ घोषित किया गया। इस दौरान 52,791 नमूनों की जांच की गई, जिनमें 0.08 फीसदी संक्रमित मिले हैं। विभाग के अनुसार राजधानी में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 14,39,963 हो चुकी है। इनमें से 14,14,522 मरीज अब तक कोरोना को हरा चुके हैं।
दो और इलाके सील
त्योहारों के बीच कोरोना संक्रमण बढ़ते ही फिर से दिल्ली में कंटेनमेंट जोन की संख्या 100 हो चुकी है। पिछले एक दिन में दिल्ली के दो और इलाकों को सील किया गया। जबकि बीते मंगलवार को एक ही दिन में 12 नए इलाके कंटेनमेंट जोन में तब्दील हुए हैं। हालांकि सरकार ने इन क्षेत्रों की पहचान अब तक सार्वजनिक नहीं की है। यहां नियमों का सख्ती से पालन कराने को लिए सिविल डिफेंस के जवानों को तैनात किया गया है। इसके अलावा अन्य इलाकों की तरह कंटेनमेंट जोन में छूट नहीं मिलेगी। इन इलाकों में पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा।
त्योहारों में धीमा पड़ा टीकाकरण
त्योहारों के चलते कोरोना टीकाकरण की रफ्तार कम होती दिखाई दे रही है। पिछले एक दिन में 37 हजार टीकाकरण हुआ है जबकि उससे पहले के दिनों में यह संख्या एक लाख से भी अधिक दर्ज की गई थी। अब तक राजधानी में 2.05 करोड़ से ज्यादा टीकाकरण हुआ है। 74.80 लाख से भी ज्यादा लोग दोनों खुराक लेकर कोरोना का टीकाकरण खत्म कर चुके हैं।