दिल्ली पुलिस के एक हवलदार ने शनिवार को खाकी पर दाग लगा दिया। दरअसल उत्तर-पूर्वी दिल्ली के करावल नगर स्थित अमर विहार में दिल्ली सरकार के एसडीएम जींस रंगाई की अवैध फैक्टरी पर छापेमारी के लिए पहुंचे थे। फैक्टरी मालिक दिल्ली पुलिस के हवलदार ने परिवार के साथ मिलकर दृष्टिबाधित एसडीएम और उनकी टीम को बंधक बनाकर हमला कर दिया।
मारपीट में करावल नगर एसडीएम संजय सोंधी व उनकी टीम के कई लोग जख्मी हो गए। आरोपी हवलदार ने वर्दी का रौब दिखाकर टीम को देख लेने की धमकी दी। मामले की सूचना पुलिस को मिली तो करावल नगर थाने का स्टाफ वहां पहुंच गया। जख्मी एसडीएम व उनकी टीम के तीन सदस्यों को तुरंत इलाज के लिए जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार हुआ।
पुलिस ने एसडीएम संजय सोंधी की शिकायत पर अशक्त व्यक्ति पर हमला, बंधक बनाने, सरकारी काम में बाधा और ड्यूटी के दौरान हमला करने का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। फिलहाल मामले में अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, शनिवार दोपहर सूचना मिलने के बाद करावल नगर एसडीएम संजय सोंधी अपनी टीम के साथ करावल नगर के अमर विहार की गली नंबर-6 के ए-42 में पहुंचे थे। उनकी टीम को पता चला था कि यहां पर अवैध रूप से जींस की रंगाई की फैक्टरी चल रही है। फैक्टरी का मालिक दिल्ली पुलिस का हवलदार कुलदीप सिंह व उसका परिवार है।
आरोप है कि एसडीएम की टीम को देखते ही कुलदीप व उसका परिवार बौखला गया और एसडीएम संजय सोंधी के साथ बदसलूकी शुरू कर दी। उनको अंदर बंदकर बुरी तरह पीटा। टीम को जान बचाना भारी पड़ गया। बाद में मामले की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस का स्टाफ वहां पहुंच गया। पुलिस ने एसडीएम और उनकी टीम को मुक्त कराया। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी कुलदीप दिल्ली पुलिस के सिक्योरिटी में तैनात है। घटना के समय उसकी भाभी और भाई जयदीप व अन्य सदस्य घर पर मौजूद थे। इन सब ने मिलकर टीम को बुरी तरह पीटा।
हवलदार पर लगाया दुष्कर्म का आरोप
विजय विहार इलाके में पति से अलग रह रही एक महिला ने दिल्ली पुलिस के हवलदार पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला का अपने पति से तलाक का मामला चल रहा है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है 33 साल की महिला रोहिणी इलाके में रहती है उसने अपनी शिकायत में बताया कि साल 2012 में वह दिल्ली पुलिस के एक हवलदार के संपर्क में आई। उसके बाद दोनों के बीच संबंध हो गए। आरोपी ने अपनी शादी की बात छिपाकर रखा था। साल 2018 में उसे पता चला कि हवलदार शादीशुदा है और आरोपी उसके साथ शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बना रहा था। इस वजह से तीन बार उसका गर्भपात भी हुआ। अब आरोपी उससे शादी करने से पीछे हट रहा है और उसे धमका रहा है।