दिल्ली विधानसभा के बाहर केजरीवाल ने संवाददाताओं से कहा, ''हम (आप) राजनीति छोड़ देंगे अगर भाजपा समय पर एमसीडी चुनाव कराए और जीत जाए। भाजपा कहती है कि वह दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है लेकिन वह एक छोटी पार्टी और एक छोटे चुनाव से डर गई है।''
एमसीडी चुनाव टालना शहीदों का अपमान- सीएम
इसके बाद उन्होंने ट्विटर पर भाजपा पर हमला करते हुए एमसीडी चुनाव टालने को शहीदों का अपमान बताया। उन्होंने कहा, ''भाजपा का दिल्ली नगर निगम के चुनाव टालना शहीदों का अपमान है जिन्होंने अंग्रेजों को देश से भगाकर देश में जनतंत्र स्थापित करने के लिए कुरबानियां दी थीं। आज ये हार के डर से दिल्ली नगर निगम के चुनाव टाल रहे हैं, कल ये राज्यों और देश के चुनाव टाल देंगे।''
शहीद दिवस पर दी भगत सिंह को दी श्रद्धांजलि
सीएम केजरीवाल ने इससे पहले शहीद भगत सिंह के शहीदी दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कहा कि "70 साल में पहली बार आप की ईमानदार सरकार आई, जिसने भगत सिंह के सपनों को पूरा करना शुरू किया। दिल्ली और पंजाब ने सरकारी दफ़्तरों में किसी नेता की नहीं भगत सिंह और बाबा साहब की तस्वीर लगाने का निर्णय लिया।"